हल्द्वानी: पति ने दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी पर किया चाकू से हमला
हल्द्वानी, अमृत विचार। नशे में चूर पति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपनी पत्नी पर चाकू से हमला बोल दिया। पत्नी के चेहरे और सिर पर चाकू वार किया गया है। घायल महिला ने अस्पताल पहुंच इलाज कराया और उसके बाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की जिस पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
तीनपानी निवासी प्राकृति कश्यप ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे के साथ रहती हैं। पति विष्णु कश्यप स्मैक और शराब का आदी है जिस वजह से वह पति से अलग रहती है। शुक्रवार रात पति विष्णु कश्यप अपने दो दोस्तों के साथ जबरन घर में घुस आया और उसने उस पर चाकू से हमला बोल दिया और साथ में बेटे के साथ मारपीट की। महिला ने बेस अस्पताल में उपचार कराया और कोतवाल हरेंद्र चौधरी को तहरीर सौंपी जिस पर कोतवाल ने आरोपी पति सहित तीन अन्य लोगों पर हत्या के प्रयास की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
