खटीमा: ट्यूशन से लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। नगर की प्रमुख सितारगंज रोड में रिलायंस पेट्रोल पंप व कोतवाली के बीच सड़क हादसे में एक बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। जबकि उसके दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें एक घायल को बरेली तो एक का खटीमा के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक कक्षा 9 वीं का छात्र था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।  पुलिस के अनुसार कोतवाली व रिलायंस पेट्रोल पंप के बीच सोमवार की रात करीब 10.30 बजे बाइक व कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वार्ड संख्या 9, प्रयास अस्पताल के पास रहने वाले अदनान (17) पुत्र अथर की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक सिटी कान्वेट स्कूल में कक्षा 9 वीं का छात्र था।  जबकि साथी बाइक सवार गोटिया निवासी 18 वर्षीय शाहिद अंसारी पुत्र असफाक व मुख्य बाजार निवासी 22 वर्षीय सुहेल पुत्र बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया। जिनमें शाहिद को बरेली के एक निजी अस्पताल व सुहेल को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें शाहिद की हालत नाजुक बताई गई है।
 

इधर, मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शोकाकुल परिजन व लोगों का जमावड़ा लगा रहा। मृतक के भाई अयान ने बताया कि अदनान ने सोमवार को स्कूल में मासिक परीक्षा दी। इसके बाद टयूशन पढ़के घर लौट रहा था। मृतक के पिता अथर चावल के व्यवासायी हैं। कोतवाली पुलिस ने बाइक व कार को कब्जे में ले लिया है। बाजार चौकी इंचार्ज एसआई होशियार सिंह ने बताया कि जांच जारी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई थी।

संबंधित समाचार