राष्ट्रपति के अभिभाषण में कुछ भी नया नहीं: मल्लिकार्जुन खड़गे
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को कहा कि संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में दिये गए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण में ‘कुछ भी नया नहीं’ है और उन्होंने वही कहा, जो सरकार कहना चाहती है। खरगे ने कहा कि यदि सरकार राष्ट्रपति के माध्यम से दावा कर रही है कि देश ने बहुत प्रगति कर ली है, तो गरीब वर्ग बेरोजगारी और महंगाई के कारण लगातार त्रस्त क्यों है।
ये भी पढे़ं- राष्ट्रपति के अभिभाषण में विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे बदलावों की गहन तस्वीर: PM MODI
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जिन योजनाओं का नाम बदला है, वे गरीबों तक नहीं पहुंच रही हैं। खड़गे ने दावा किया कि सरकार जिन नये कॉलेज और स्कूल खोलने का दावा करती है, वो सभी निजी क्षेत्र में हैं तथा गरीब जनता को इनका कोई लाभ नहीं मिल रहा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, राष्ट्रपति का अभिभाषण सरकार का बयान है, जो राष्ट्रपति के माध्यम से आया है। कोई नयी बात नहीं है। यह नियमित घटनाक्रम है।
उन्होंने इस बात पर अफसोस भी प्रकट किया कि वह जम्मू कश्मीर में होने और खराब मौसम के कारण यहां संसद के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रपति मुर्मू के पहले अभिभाषण में शामिल नहीं हो सके। खरगे ने कहा, सरकार का दावा है कि उसने भ्रष्टाचार को हटा दिया है, लेकिन फिर एक आदमी एलआईसी/एसबीआई और अन्य बैंकों को लगभग '1 लाख करोड़ रुपये' का चूना कैसे लगा सकता है। अब, एलआईसी में निवेश करने वाले करीब 30 करोड़ लोग परेशान हो रहे हैं, क्योंकि वह धनराशि एक ऐसे उद्योगपति के पास गई है, जो प्रधानमंत्री का बहुत करीबी है। हालांकि, ऐसे व्यक्तियों और योजनाओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती है, जिन्होंने देश के लोगों को ठगा है।
ये भी पढे़ं- ‘इस्तेमाल करो और छोड़ो’ की प्रवृत्ति नीतीश कुमार की कार्य संस्कृति में शामिल: चिराग पासवान
