एक साथ कई कारणों से हुआ होगा विमान हादसा: विशेषज्ञ
नई दिल्ली। विशेषज्ञों का मानना है कि केरल के कोझिकोड में शुक्रवार रात हुए विमान हादसे में तेज बारिश के साथ कई कारणों का योगदान रहा होगा। एयर इंडिया एक्स्प्रेस का बोइंग 737-800 विमान जब कोझिकोड पहुंचा उस समय वहां तेज बारिश हो रही थी। जब रनवे गीला होता है तो विमान को उतरने के …
नई दिल्ली। विशेषज्ञों का मानना है कि केरल के कोझिकोड में शुक्रवार रात हुए विमान हादसे में तेज बारिश के साथ कई कारणों का योगदान रहा होगा। एयर इंडिया एक्स्प्रेस का बोइंग 737-800 विमान जब कोझिकोड पहुंचा उस समय वहां तेज बारिश हो रही थी। जब रनवे गीला होता है तो विमान को उतरने के बाद रुकने के लिए रनवे पर सामान्य की तुलना में अधिक दूरी तय करनी होती है।
नागर विमानन महानिदेशालय के एक अधिकारी ने बताया, “ निश्चित रूप से विमान रनवे पर काफी आगे जाकर उतरा, लेकिन इसके बावजूद विमान को रोकने के लिए रनवे की पर्याप्त लंबाई पायलट के सामने की ओर उपलब्ध थी।” कोझिकोड हवाई अड्डे का रनवे 2.86 किलोमीटर लंबा है।
बोइंग 737-800 के मैन्युअल के हिसाब से समुद्र तल कोझिकोड हवाई अड्डे की ऊंचाई और बारिश को देखते हुए 40 टन तक वजन के साथ लैंडिंग के लिए दो किलोमीटर से काफी कम ऑपरेशनल रनवे की जरूरत होती है। विमान रनवे पर 900 मीटर पर उतरा था। सामने पूरे दो किलोमीटर का रनवे उपलब्ध था।
अधिकारी ने बताया कि उतरने के बाद विमान की गति भी अधिक रही होगी, तभी वह रनवे के पार निकल गया। विमान हवा की दिशा के साथ उतर रहा था। बारिश के साथ चल रही तेज हवा के कारण विमान की गति समय पर कम नहीं हो पाई होगी। डीजीसीए अधिकारी ने कहा कि ये सब सिर्फ संभावित कारण हो सकते हैं।
जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पायलट ने तीन बार रनवे पर उतरने का प्रयास किया था। पहले दो बार में उन्होंने उतरना टालकर ओवरशूट रिपीट ओवरशूट किया। तीसरे प्रयास में उन्होंने लैंडिंग की, लेकिन विमान रनवे पार कर खाई में जा गिरा। हादसे में दोनों पायलट सहित 19 लोगों की मौत हो गई।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने की सहायता राशि की घोषणा
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने केरल के कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान हादसे में मृत यात्रियों के परिवारों और घायल होने वाले यात्रियों को अंतरिम सहायता राशि देने की घोषणा की है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शनिवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि एयरइलाइन कानून के अनुसार उचित समय पर सहायता राशि देगा।
विज्ञप्ति के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस तत्काल राहत पहुंचाने के लिए अंतरिम सहायता राशि के रूप में 12 वर्ष या उससे अधिक उम्र के मृतक यात्री के परिवार को 10 लाख रुपये, 12 वर्ष से कम उम्र के मृतक यात्री के परिवार को पांच लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्री को दो लाख रुपये और घायल यात्रियों को 50,000 रुपये प्रदान करेगा। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने विमान दुर्घटना का शिकार हुए लोगों के परिवारों और दोस्तों के लिए यात्री सूचना केंद्र स्थापित किया है और एक टोल फ्री नंबर उपलब्ध कराया है। विज्ञप्ति के अनुसार यह टोल फ्री नंबर 1800222271 उपलब्ध कराया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे कोझिकोड के हवाई अड्डे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान का विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होकर 120 फुट गहरी खाई में गिर गया था। दुर्घटना में पायलट और सह-पायलट समेत 18 लाेगों की मौत हो गई है और कई घायल है।
