Lucknow Fire Incident: अश्वनी पर ही थी पूरे घर की जिम्मेदारी, बेटे की मौत की खबर मिलते ही गश खाकर गिरी मां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन के नजदीक एसएस कॉम्लेक्स में लगी भयावह आग में बैट्री चार्जिंग स्टेशन मैनेजर अश्वनी तिवारी (28) की मौत हो गई। इस बात की जानकारी होने पर मृतक के परिजन अपने रिश्तेदारों को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वह गमगीन माहौल में एक -दूसरे को संभालते रहे। वहीं अस्पताल की मोर्चरी में बेटे की लाश देखकर मां सुमन देवी गश खाकर गिर पड़ीं। 

हालांकि परिजन उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे। अश्वनी के पिता अशोक तिवारी की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। पिता की मौत के बाद अश्वनी पर ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। तालकटोरा थानाक्षेत्र के सेक्टर-12 निवासिनी सुमन देवी ने बताया कि उनके तीन बच्चे थे। 

अश्वनी तिवारी बड़ा बेटा था। कुछ साल पहले पति अशोक तिवारी की मौत हो गई। इसके बाद से घर की पूरी जिम्मेदारी बड़े बेटे के कंधों पर आ गई थी। दो साल पहले बेटे की शादी वर्षा से हुई थी। सुमन देवी ने कहा इस हादसे ने उनके घर की खुशियों में आग लगा दी है।

नौ महीने से काम कर रहा था
मृतक के छोटे भाई आयुष तिवारी ने बताया कि करीब नौ महीने से उनका बड़ा भाई बैट्री चार्जिंग स्टेशन में काम कर रहा था। भाई के साथ ही कई लोग काम करते थे। दूसरों की जान बचाने के चक्कर में उसका भाई हादसे का शिकार हो गया। उसे सिविल अस्पताल में लाया गया था। जहां पुलिस के माध्यम से उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली।

पड़ोसियों से मांगे थे अग्निशमन यंत्र
बैट्री स्मार्ट के कर्मचारी अंकित ने बताया कि उनके संस्था में अग्निशमन यंत्र नहीं था। हादसे के बाद बिल्डिंग में भगदड़ मच गई। वहीं शिफ्ट मैनेजर अश्वनी अपनी जान को जोखिम में डालकर लोगों को बचाने में जुट गया। चंद मिनट में आग भयावह हो गई तो कर्मचारियों ने आसपास की दुकानों से अग्निशमन यंत्र मांग कर स्वयं आग बुझाने की जद्दोजहद में जुट गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

बहन की शादी के लिए जुटा रहा था पैसा
सिविल अस्पताल में मौजूद मृतक के दोस्त विजय ने बताया कि अश्वनी घर की जिम्मेदारी का निर्वहन अच्छी तरह से कर रहा था। उसे अपने परिवार की हमेशा फ्रिक रहती थी। वह पाई-पाई जोड़कर बहन की शादी और भाई आयुष तिवारी को व्यवसाय कराने के लिए दिन रात मेहनत कर रहा था। हालांकि, इस घटना से पूरे परिवार को गहरा सदमा लगा है।

यह भी पढ़ें:-Video: लखनऊ के Olympia Gym बिल्डिंग में लगी भीषण आग, एक की मौत, कई झुलसे

संबंधित समाचार