भीमताल: राज्य कर विभाग ने 27 होटल-रिसोर्टस की जांच
भीमताल, अमृत विचार। राज्य कर विभाग ने नैनीताल जिले में निल का रिटर्न भरने वाले होटल-रिसोर्टस में चेकिंग अभियान चलाया। मौके पर ही छह लाख का जीएसटी जमा कराया जबकि अन्य के खिलाफ जांच जारी है।
संयुक्त आयुक्त पीएस डुंगरियाल के निर्देशन में राज्य कर अधिकारियों की 13 टीमों ने सातताल, नैनीताल, भीमताल, नौकुचियाताल, भवाली, धारी, मुक्तेश्वर में 27 से अधिक होटल व रिसोर्टस में चेकिंग की। यह सभी होटल लंबे समय से निल का रिटर्न भर रहे थे जबकि कई होटल पिछले वर्ष की अपेक्षा कम टैक्स दे रहे थे। जांच में सामने आया कि कई रिसोर्टस टैरिफ पर देय टैक्स से कम टैक्स जमा कर रहे हैं।
टीमों ने सभी होटलों, रिसोर्टस के दस्तावेज जब्त कर लिए हैं इनकी विस्तृत जांच शुरू करदी गई है। वहीं कई होटल संचालकों से मौके पर ही छह लाख रुपये का टैक्स जमा कराया। इससे पूर्व भी राज्य कर विभाग ने रामनगर में 60 होटल व रिसोर्टस पर चेकिंग की और 62 लाख का टैक्स जमा कराया था।
टीम में उपायुक्त अरविंद प्रताप सिंह, सुमन जंगपांगी, विनय प्रकाश ओझा, मो.इशहाक खान, एचएस धपवाल, शशिकांत आर्य, एनएस वोरा, सहायक आयुक्त गौरव पंत, कमल किशोर जोशी, नंदन गिरी, हरिओम वर्मा, अनिल सिन्हा, रिंकन सिंह आदि शामिल थे।
