अयोध्या: मंदिर निर्माण से पहले बनेंगे तीनों पथ, ग्रामीण इलाकों का भी होगा विकास
पूर्वांचल विकास बोर्ड की बैठक : अयोध्या में भारत की तस्वीर बनाने पर हुआ मंथन, कनेक्टिविटी पर रहा फोकस
अयोध्या, अमृत विचार। पूर्वांचल विकास बोर्ड की बैठक के दौरान अयोध्या में भारत की तस्वीर बनाने पर मंथन हुआ। साथ ही बेहतर कनेक्टविटी के साथ श्रद्वालुओं को अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजना बनाने पर जोर दिया गया।आयुक्त सभागार में बोर्ड के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में अयोध्या मंडल के साथ-साथ पूर्वांचल के 8 मंडल और 28 जिलों के समग्र विकास के संबंध में चर्चा की गई।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बोर्ड को बताया कि अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण के साथ-साथ विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि को जोड़ने वाले जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ, रामपथ, धर्मपथ, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य युद्वस्तर पर चल रहा है, इन सभी पथों को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण पूर्ण होने से पूर्व पूर्ण कर लिया जाएगा।
उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हम सभी ने पूर्वांचल के लगभग सभी मंडलों में बैठक की है। बैठक से प्राप्त मुख्य बिन्दुओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। अयोध्या के ग्रामीणांचल का भी विकास किया जाना है। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने साफ सफाई के लिए चल रहे कार्यों व भविष्य में अयोध्या को कैसे साफ सुथरा रखा जायेगा।
इसकी कार्ययोजना के संबंध में बोर्ड को अवगत कराया। बैठक में विशेष सचिव नियोजन आशुतोष निरंजन, विशेष सचिव कृषि अजय द्विवेदी, विशेष सचिव वित्त जयशंकर दूबे, अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल, संयुक्त विकास आयुक्त अरविन्द चन्द्र जैन, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या सहित मंडल के सभी मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बोर्ड के नामित सदस्यों ने अपने-अपने विजन को रखा
पूर्वांचल विकास बोर्ड के सलाहकार साकेत मिश्रा ने अयोध्या में निवेश के लिए बेहतर माहौल बनाने के साथ कृषि क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। जयप्रकाश निषाद ने अयोध्या में बेहतर कनेक्टविटी के साथ श्रद्वालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए योजना बनाने का जोर दिया। साथ ही सरयू परियोजना तथा जल पुलिस की स्थापना तथा इसका मुख्यालय पूर्वांचल में स्थापित करने का सुझाव दिया। बोर्ड के सदस्य बौद्व अरविन्द पटेल ने धार्मिक नगरी में फूल की खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
एमएलसी एवं बोर्ड के सदस्य केपी श्रीवास्तव ने अयोध्या, प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का मुद्दा उठाया तथा गोवंशों के नश्लों में सुधार का सुझाव दिया। विजय विक्रम सिंह (अमेठी) ने कहा कि अयोध्या में 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के किनारे वाल्मीकि रामायण में उल्लिखित पेड़ों को लगाने का सुझाव दिया। साथ ही मंडल में एक फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना का सुझाव दिया।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: एक ही माह में दगा दे गए जिले में 160 छोटे-बड़े ट्रांसफार्मर
