अयोध्या : भाजपा के ही स्लोगन व नारों को कांग्रेस ने बनाया हथियार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हाथ जोड़ो अभियान के तहत घर-घर पहुंचा रही पत्रक

अमृत विचार, अयोध्या। राहुल गांधी के नेतृत्व में संपन्न भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से कांग्रेस आह्लादित है। प्रदेश में अपनी खोई सियासी जमीन हासिल करने के लिए पार्टी ने लोकसभा समर-2024 को लेकर भाजपा के ही नारों को अपना सियासी हथियार बनाया है। गणतंत्र दिवस से शुरू देशव्यापी हाथ जोड़ो अभियान के तहत पत्रक के माध्यम से भाजपा के नारों की असलियत जन-जन तक पहुंचाने की कवायद में जुटी है। अभियान के तहत लोगों को पार्टी का आरोप पत्र थमाया जा रहा है और भाजपा सरकार की असलियत बताई जा रही है।

गौरतलब है कि भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का नारा दिया था। लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने इसका जवाब कुछ का साथ, खुद का विकास और सबके साथ विश्वासघात स्लोगन के रूप में तैयार किया है। आमजन में बांटे जा रहे पत्रक में अलग-अलग बिंदुओं पर भाजपा सरकार के दावों की पोल खोलने के लिए आंकड़ों को दर्शाया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि सूटबूट की सरकार में देश के 10 फीसदी अमीरों के पास 64 फीसदी संपत्ति पहुंच गई। 8 साल में किसानों का कर्जा तो माफ नहीं हुआ लेकिन कारोबारी मित्रों के 72 हजार करोड़ के कर्ज माफ कर दिए गए।

पहली बार पीएम बनने के बाद मोदी जिसके हवाई जहाज से दिल्ली गए। उस कारोबारी की दौलत में 50 गुना का इजाफा हो गया। जनहित के बजाय सरकार ने पीएम की छवि चमकाने में टैक्स पेयर्स के 10 हजार करोड़ रुपये प्रचार-प्रसार में खर्च कर दिए। दूसरों पर परिवारवाद का आरोप लगाने वाली भाजपा ने राजनीतिक घरानों ने 20 मंत्री, 14 सांसद व 31 विधायक बनाए। रोजगार का वादा कर बेरोजगारी 45 सालों के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचा दी। पढ़ाई तीन गुनी महंगी हो गई है। नोटबंदी व जीएसटी से उद्योग धंधे ही नहीं नौकरियां भी खत्म हुई, 23 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे आ गए। महिला सम्मान के दावों के बीच महिलाओं के खिलाफ अपराध 27 फीसदी बढ़ गए और आटा, दाल व चावल पर भी जीएसटी लग गई। भड़काऊ भाषणों से विभाजन की खाई तैयार की जा रही है। मोदी राज में इसमें 500 फीसदी की वृद्धि हुई है। 

हाथ जोड़ो अभियान के तहत दो वार्डों में हुआ जनसंपर्क

गणतंत्र दिवस से शुरू हाथ जोड़ो अभियान के तहत आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल के नेतृत्व में अभिरामदास तथा पुरुषोत्तम नगर वार्ड में घर-घर जनसंपर्क किया तथा सभी को पार्टी की ओर से तैयार भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र सौंपा।  

महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल ने संपर्क अभियान के तहत कहा कि भाजपा सरकार ने अपने खोखले नारों और दावों से पूरी व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया। लोगों का ध्यान मूलभूत समस्याओं पर न जाए इसके लिए बांटो और भड़काओ की नीति का सहारा दिया जा रहा है। पत्रक के माध्यम से आम जनमानस को सरकारी दावों की हकीकत बताई जा रही है। जिला प्रवक्ता सुनील सिंह रानू ने कहा कि सरकार ने इतना झूठ फैला दिया है कि लोगों को हकीकत का पता ही नहीं चल रहा। पार्टी एक-एक बिंदु पर तथ्यात्मक जानकारी के साथ लोगों को जागरूक करने में जुटी है। रोज सुबह-शाम दो-दो वार्डों में हाथ जोड़ो अभियान के तहत जनसंपर्क किया जा रहा है। आज के जनसंपर्क में पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, निकाय चुनाव प्रभारी शैलेंद्र मणि पांडेय, श्रीनिवास शास्त्री, डीएन वर्मा, प्रमिला राजपूत, कंचन दूबे, अशोक यादव, फिरोज अंसारी समेत अन्य शामिल रहे।

यह भी पढ़ें : बलरामपुर : अमृतसर जाने के लिए घर से निकला था युवक, अपहरण की आई सूचना

संबंधित समाचार