मुरादाबाद: भू-माफिया घोषित बर्खास्त सिपाही के खिलाफ एक और केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आरोपी के खिलाफ सिविल लाइंस, मझोला और बिजनौर के नजीबाबाद थाने में दर्ज हैं आठ मुकदमे कोर्ट के आदेश पर अब सिविल लाइंस पुलिस ने धोखाधड़ी और मारपीट की धाराओं में दर्ज किया मामला

मुरादाबाद, अमृत विचार। भूमाफिया घोषित बर्खास्त सिपाही महेंद्र पाल सिंह के खिलाफ सीजेएम के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने एक और मुकदमा दर्ज किया है। इसमें बर्खास्त सिपाही की मां के खिलाफ भी धोखाधड़ी और मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइंस, मझोला और बिजनौर के नजीबाबाद थाने में आठ मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।

मझोला थाना क्षेत्र के कांशीराम नगर ई ब्लॉक के मकान नंबर 152 निवासी आलोक कुमार ने बताया कि एमडीए से उनका मकान बर्खास्त सिपाही महेंद्र पाल सिंह की मां मंगो देवी निवासी बुद्धि विहार हाल निवासी हिमगिरी कालोनी सिविल लाइंस के नाम आवंटित किया गया था। मंगो दवी और महेंद्र पाल सिंह ने एक लाख 60 हजार रुपये में यह मकान उन्हें बेच दिया था। वर्ष 2010 से वह इसी मकान में रह रहे हैं।

 मंगो देवी और महेंद्र पाल सिंह ने उनसे वादा किया था कि तुम मकान की किस्तें जमा करते रहो, जब एमडीए का चुकता हो जाएगा तब हम एमडीए से बैनामा कराने के बाद तुम्हारे हक में बैनामा करा देंगे। पीड़ित ने दो लाख 10 हजार रुपये एमडीए में जमा करा दिए। उसके बाद मंगो देवी और महेंद्रपाल सिंह रजिस्ट्री कराने के नाम पर पीड़ित से पांच लाख रुपये ले लिए। इसके बाद मंगो देवी ने मकान की रजिस्ट्री एमडीए से अपने नाम करा ली। पीड़ित ने मकान की रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो आरोपी मां-बेटा झगड़े पर उतारू हो गए।

 साफ कह दिया कि अच्छे पैसों में मकान किसी दूसरे को बेच देंगे। अगर तुम ज्यादा चूं-चपड़ करोगे तो एससी-एसटी का झूठा मुकदमा दर्ज करके जेल भिजवा देंगे। पीड़ित ने सिविल लाइंस पुलिस और उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए मगर आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब पीड़ित ने अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने बर्खास्त सिपाही महेंद्र पाल सिंह और उसकी मां मंगो देवी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। विवेचना में मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: इमरान प्रतापगढ़ी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा खत्म

संबंधित समाचार