रायबरेली: माघी पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था और श्रद्धा का सैलाब, लाखों लोगों ने गंगा में लगाई डुबकी
रायबरेली, अमृत विचार। माघ माह के अंतिम स्नान पर्व माघी पूर्णिमा पर जनपद के विभिन्न गंगा घाट पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान किया है। रात से ही गंगा घाटों पर श्रद्धा एवं आस्था की भारी भीड़ उमड़ी है। जनपद के गंगा घाट गेगासो, डलमऊ, गोकना और पूरे तीर आदि पर प्रातः काल से ही भारी संख्या में लोग स्नान, दान और पूजन किया है। डलमऊ और गोकना गंगा घाट पर स्नान के लिए शनिवार की शाम को ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे।
गोकना गंगा घाट पर आसपास के क्षेत्र के अलावा सलोन, नसीराबाद, परशदेपुर , डीह अतिरिक्त अमेठी और सुल्तानपुर जनपद से भी लोग पहुंचे हैं। प्रातः करीब तीन बजे से शुरू हुआ स्नान दोपहर बाद तक चलता रहा।गंगा घाट पर भारी भीड़ के कारण मेले जैसा नजारा रहा। इस दौरान जिला प्रशासन ने सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए थे ।गंगा घाटों पर पुलिस बल तैनात किया गया था।
डलमऊ गंगा घाट पर भारी भीड़ को देखते हुए उप जिला अधिकारी प्रशासनिक अमले के साथ गंगा तट पर तैनात रहे ।कोतवाल पंकज तिवारी ने बताया कि गंगा घाट पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाहनों को तट से बाहर ही पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। गंगा घाट पर भारी भीड़ के कारण डलमऊ कस्बे में जाम जैसी स्थिति बनी रही। उधर गोकना गंगा घाट पर जाने वाले वाहनों के कारण जमुनापुर चौराहा पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
यह भी पढ़ें:-माघी पूर्णिमा आज...लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में लगाई आस्था की डुबकी, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
