Kanpur Dehat : पुलिस मुठभेड़ में बदमाशों के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार, अंधेरे का फायदा उठाकर दो फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार।

कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

कानपुर देहात, अमृत विचार। गजनेर थाना क्षेत्र के दुआरी गांव के पास जंगल में अवैध असलहों से लैस बदमाशों के वारदात को अंजाम देने की सूचना पर पहुंची पुलिस से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके दो साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। एसपी ने मौके पर छानबीन की है।

रविवार रात दुआरी गांव के पास जंगल में अवैध असलहों से बदमाशों के किसी वारदात को अंजाम देने की जानकारी मुखबिर से गजनेर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह को मिली। जिसपर उन्होंने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की तो बदमाशों ने असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। जिससे एक बदमाश घायल हो गया। इसी दौरान पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए दो बदमाशों को धर दबोचा।

आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचा, चार कारतूस व पांच खोखा बरामद हुए हैं। उन्होंने पूछताछ में अपना नाम सईद उर्फ मुन्ना निवासी सिरसा कलार थाना सिरसा कलार जनपद जालौन व कदीर निवासी विलसरायां थाना गजनेर बताया है। आरोपी सईद उर्फ मुन्ना घायल के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

वहीं रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए पकड़े गए बदमाशों के साथी मुस्ताक उर्फ रहीस व गोलू निवासी चिटिकपुर थाना रनियां मौके से भागने में सफल रहे। जानकारी पर एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एएसपी घनश्याम चौरसिया व सीओ सदर प्रभात कुमार मौके पर पहुंचे और छानबीन की। गजनेर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। वहीं फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

आरोपियों ने करसा गांव के दो घरों में चोरी कबूली

पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए दोनो आरोपी पूर्व में कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उन्होंने बीती 27/28 जनवरी की रात गजनेर थाना क्षेत्र के करसा गांव के दो घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। ऐसे में पुलिस कई अन्य मामलों में भी सुराग तलाशने में जुट गई है।

संबंधित समाचार