अयोध्या: जिला विद्यालय निरीक्षक के निरीक्षण में कई परीक्षा केन्द्रों पर मिली खामियां, कार्रवाई की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर स्ट्रांग रूम बनाने में बरती जा रही लापरवाही

अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के वर्ष 2023 की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट की परीक्षाएं आगामी 16 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। लेकिन बोर्ड परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जारी दिशा निर्देशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। 

स्ट्रांग रूम में हर किसी का आवागमन हो रहा है। कई परीक्षा केन्द्रों पर बने स्ट्रांग रूम कक्ष में डबल लॉक की पर्याप्त व्यवस्था भी अभी तक नहीं की गयी है। सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से कुछ परीक्षा केन्द्रों का औचक मुआयना किया गया, जहां स्ट्रांग रूम की व्यवस्थााएं दुरुस्त नहीं मिली। इस पर परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापकों को कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है। 

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट परीक्षा 2023 के प्रश्नपत्रों को परीक्षा केन्द्रों पर एक अतिरिक्त कक्ष में स्ट्रांग रूम बनाकर प्रश्न पत्र को डबल लॉक में सुरक्षित रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में 133 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। लेकिन कुछ परीक्षा केन्द्रों पर अभी तक स्ट्रांग रूम की स्थापना ही नहीं की गयी है। 

जिन केन्द्रों पर स्ट्रांग रूम बनाया गया है, वहां स्ट्रांग रूम के कमरे में हर किसी का आवागमन हो रहा है। जबकि निर्देश है कि स्ट्रांग रूम में किसी का आवागमन नहीं होगा और उसे हर समय बंद रखा जाए। लेकिन कुछ परीक्षा केन्द्र इन निर्देशों का अनुपालन नहीं कर रहे हैं।

सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने माधव सर्वोदय इंटर कॉलेज अमौना और ज्ञानोदय दुखहरन इंटर कॉलेज टकसरा का औचक निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि अत्यंत सुरक्षित कक्ष में डबल लॉक स्ट्रांग रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए थे। 

यह भी निर्देश दिए गए थे कि स्ट्रांग रूम  को सदैव बंद रखा जाए और किसी भी प्रकार का आवागमन व अन्य गतिविधियां वहां से संचालित न की जाए। लेकिन सोमवार को माधव सर्वोदय इंटर कॉलेज अमौना और ज्ञानोदय दुखहरन इंटर कॉलेज टकसरा स्ट्रॉग रूम का निरीक्षण करने पर पाया गया कि  कक्ष को पूरी तरह से बंद करके नहीं रखा गया है तथा स्ट्रांग रूम में  आवागमन हो रहा है।  

निर्देर्शों के बावजूद प्रधानाचार्यों की ओर से आदेश का अनुपालन  नहीं किया गया है। उन्होंने दोनो प्रधानाचार्यों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए कहा है कि क्यों न आपके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें:-प्रदेश का लक्ष्य एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्थाः प्रो. निशी पाण्डेय

संबंधित समाचार