बरेली: नाबालिग नातिन को 15 हजार रुपये में बेच डाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। रुपये के लिए रिश्ते भी बेमानी साबित हो रहे हैं। ऐसा ही मामला भुता थाना क्षेत्र के एक गांव में सामने आया है। यहां की नाबालिग बच्ची ने अपने सगे नाना और मामा पर 15 हजार रुपये में बेचने का आरोप लगाया है। 13 वर्षीय बच्ची का आरोप है कि नाना ने रुपये …

बरेली,अमृत विचार। रुपये के लिए रिश्ते भी बेमानी साबित हो रहे हैं। ऐसा ही मामला भुता थाना क्षेत्र के एक गांव में सामने आया है। यहां की नाबालिग बच्ची ने अपने सगे नाना और मामा पर 15 हजार रुपये में बेचने का आरोप लगाया है। 13 वर्षीय बच्ची का आरोप है कि नाना ने रुपये लेकर उसकी शादी 30 वर्षीय युवक के साथ करा दी। शादी करने वाला युवक इज्जतनगर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस से इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है।

भुता क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबलिग लड़की ने बताया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है और पिता विक्षिप्त हैं, इसलिए वह अपने नाना और नानी के पास रह रही थी। अपने तहेरे मामा के साथ थाने पहुंची बच्ची ने बताया कि उसके नाना को हमेशा रुपये का लालच रहा है। यही वजह है कि इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले 30 वर्षीय युवक से उसकी शादी कर दी। लड़की ने बताया कि शादी के बदले में नाना ने युवक से 15 हजार रुपये ले लिए।

पीड़िता के तहेरे मामा ने बताया कि मना करने के बाद भी उसके ताऊ ने रुपये के लालच में 30 जून को भांजी की शादी कर दी। लड़की ने बताया कि शादी के दो तीन दिन तक सब कुछ सही रहा। उसके बाद उससे शादी करने वाला शराब पीकर उसके साथ मारपीट करने लगा। शारीरिक रूप से भी उसको पीड़ा देता है। रक्षाबंधन पर नाना के घर आई बच्ची ने अपने साथ हुए जुल्म की कहानी तहेरे मामा को बताई, तब बच्ची को बचाने के लिए वह उसे थाने लेकर पहुंचा।

इज्जतनगर थाना पुलिस ने भुता थाने का मामला बताकर भुता भेज दिया। बच्ची थाने में रो रोकर कहती रही कि उसे इंसाफ चाहिए। लेकिन मामला भुता थाना का होने के कारण इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद बच्ची भुता थाने पहुंची। यहां पुलिस ने तहरीर ले ली है। हालांकि अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।

नाना का आरोप
लड़की के नाना का कहना है कि बच्ची चार माह पहले किसी युवक के साथ चली गई थी। किसी तरह जब बच्ची मिल गई तब उन्होंने मजबूरन बदनामी के डर से उसकी शादी कर दी। लड़की गलत आरोप लगा रही है। उनका कहना है कि वह अपने तहेरे मामा के बहकावे में आ गई है। वहीं लड़की का कहना है कि उस प्रकरण में भी नाना ने युवक के परिजनों से तीन लाख रुपये लिए थे।

संबंधित समाचार