Weather News Today: फरवरी माह में धूप निकलने से मौसम में बदलाव, मार्च में मई-जून जैसी गर्मी का करना पड़ेगा सामना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Weather News Today कानपुर में धूप निकलने से फरवरी के महीने में गर्मी का होने लगा अहसास।

Weather News Today कानपुर में तेज धूप निकलने से फरवरी महीने में ही गर्मी का ही अहसास होने लगा। मार्च के अंत तक 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पारा जा सकता है।

कानपुर, अमृत विचार। Weather News Today फरवरी महीने में ही मौसम डराने वाले संकेत दे रहा है। मार्च महीने में ही मई-जून जैसी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग इसकी आशंका जता रहा है। सर्दी के इस सीजन में सोमवार की दोपहर सबसे गर्म रही है। इस दिन सबसे ज्यादा तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। यह पारा मार्च आने से पहले तक 30 का आंकड़ा पार कर सकता है। ऐसा होता है तो मार्च महीने में पारा और ज्यादा उफान मारेगा, जो गर्मी को काफी बढ़ा सकता है।

फरवरी महीने के पहले सप्ताह में पसीने छुड़ा देने वाली गर्मी के संकेत जनवरी के आखिरी सप्ताह में ही मिलने शुरू हो गए थे। चटख धूप निकलने से दिन में पारा 20 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका था। फरवरी का पहला सप्ताह भी पूरा नहीं हुआ कि पारा पहले 25 को पार किया और फिर 30 के करीब भी पहुंच गया। सुबह मौसम पूरी तरह से खुला और 11 बजे तक गुनगुनी धूप का अहसास हुआ।

लेकिन, जैसे-जैसे दोपहर आई पारा बढ़ना शुरू हो गया। दोपहर में 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी का खूब अहसास हुआ। फरवरी के पहले सप्ताह में ही पारा इस कदर बढ़ने से मौसम विभाग ने इस बार भीषण गर्मी और मार्च के आखिरी सप्ताह तक लू चलने के संकेत दिए हैं। ऐसा होता है तो अप्रैल, मई, जून महीना बेहद असहनीय हो सकता है। 

मुंबई-गोवा जैसा हुआ कानपुर का मौसम

इन दिनों कानपुर का मौसम मुंबई-गोवा जैसे समुद्री इलाकों की तरह हो गया है। दिन गर्म और रात ठंडी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 10 से 20 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर आ रहा है, ऐसा समुद्री इलाकों में ही आमतौर पर रहता है। इसकी वजह समुद्र होता। लेकिन, कानपुर समेत उत्तरी इलाकों में यह अंतर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से हो रहा है। सीएसए विवि के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सोमवार को 20 डिग्री सेल्सियस के करीब अंतर रहा है। उन्होंने बताया कि मौसम खुला होने की वजह से दिन में खुलकर धूप निकलती है, इस वजह से पारा बढ़ जाता है और रात में भी मौसम पूरी तरह से खुला होने की वजह से ऊष्मा डिस्चार्ज हो जाती है और पारा लुढ़क जाता है। पिछले चार दिन से इसी तरह 13 से ज्यादा का अंतर रहा है। अभी कुछ दिन इसी तरह यह अंतर और देखा जा सकता है। 

देखें पिछले पांच दिनों में तापमान और उनमें अंतर

कब    -    अधिकतम – न्यूनतम - अंतर

5 फरवरी –  25.0 – 11.4 – 13.6
4 फरवरी –  25.5 – 11.2 – 14.3
3 फरवरी –  24.2 – 9.0 – 15.2
2 फरवरी –  23.8 – 9.0 - 14.8
1 फरवरी –  20.0 – 11.4 – 8.6

संबंधित समाचार