बरेली: बानखाना में युवक को चाकू मारा, गंभीर
बरेली,अमृत विचार। शहर के बानखाना मोहल्ला में गाली-गलौच का विरोध करने पर दबंगों ने एक युवक के पेट में चाकू मार दिया। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, घटना के विरोध में मोहल्ले वालों में आक्रोश को देखते हुए मौके पर …
बरेली,अमृत विचार। शहर के बानखाना मोहल्ला में गाली-गलौच का विरोध करने पर दबंगों ने एक युवक के पेट में चाकू मार दिया। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, घटना के विरोध में मोहल्ले वालों में आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स पहुंच गया। शहर का माहौल बिगाड़ने के लिए कुछ लोगों ने दो समुदायों के बीच विवाद होने की अफवाह उड़ा दी। हालांकि पुलिस बल ने मामले को काबू में कर लिया।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला बानखाना निवासी इस्लाम कादिर ने बताया कि उनका भाई तौसीफ दुकान से गुटखा लेकर आ रहा था। उसी समय कथित भाजपा नेता गब्बर व उसके साथी छोटू, अमन, सचिन और अनिकेत अपने साथ कई लोगों को लेकर आ गए। सभी आरोपी तौसीफ को गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गब्बर पर हमला कर दिया।
आरोप है कि सभी ने गब्बर पर चाकूओं से हमला कर दिया। तौसीफ के पेट में तीन जगह चाकू लगा है। शोर-शराबा सुनकर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद तौसीफ के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस विवाद को बढ़ावा देने के लिए कुछ लोगों ने शहर में अफवाह उड़ा दी कि बानखाना में दो समुदायों के बीच विवाद हो गया है। विवाद की सूचना पर बानखाना में भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
हालांकि तौसीफ के भाई इस्लाम कादिर ने बताया कि यह आपसी विवाद है। वे लोग तौसीफ को गालियां दे रहे थे। उसने विरोध किया तो आरोपी हमलावर हो गए। इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि आपसी विवाद में झगड़ा हुआ है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजेगी।
