मुरादाबाद: साइबर अपराध से व्यापार सुरक्षित करने को निर्यातकों को किया जागरूक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए अत्याधुनिक डिजाइन वाले नए उत्पादों को विकसित करने पर जोर, ईपीसीएच ने सेफगार्ड अगेंस्ट साइबर क्राइम एंड डिजाइन, ट्रेंड्स एंड फोरकास्ट विषय पर सेमिनार आयोजित किया

मुरादाबाद, अमृत विचार। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) ने मंगलवार को नई दिल्ली में सेफगार्ड अगेंस्ट साइबर क्राइम एंड डिजाइन, ट्रेंड्स एंड फोरकास्ट विषय पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया। इसमें साइबर अपराध से व्यापार सुरक्षित करने के लिए निर्यातकों को विशेषज्ञों ने जानकारी दी।

ईपीसीएच के महानिदेशक राकेश कुमार ने सेमिनार के आयोजन पर प्रकाश डाला। संबित सिन्हा, पार्टनर, (अर्न्स्ट एंड यंग) ने कहा कि व्यावसायिक जानकारी मूल्यवान संपत्ति है। इसे सुरक्षित रखने की जरूरत है। साइबर अपराधियों के खिलाफ हमारी सबसे अच्छी रक्षा इसकी रोकथाम होगी। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल करते समय बहुत सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने वर्चुअल की बोर्ड, मास्क्ड आधार कार्ड, पासवर्ड को नियमित रूप से बदलने, भेजे गए क्यूआर कोड को कभी स्कैन न करने आदि अन्य तकनीकों को साइबर अपराध के खिलाफ सुरक्षा का रूप बताया।

साइबर कानून और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ .कर्णिका सेठ ने साइबर अपराध की उत्पत्ति और इस तरह के अपराधों में हाल में हुई वृद्धि पर सूचनात्मक प्रस्तुति दी। उन्होंने संशोधनों के माध्यम से सूचना टेक्नोलॉजी के संबंध में भारतीय कानून की व्याख्या की। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक फुटप्रिंट्स के बारे में बताया। साइबर धोखाधड़ी के शिकार लोगों के लिए विभिन्न विकल्पों और उपायों की जानकारी दी।

एसीपी साइबर सेल दिल्ली एचएस रंधावा ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ नई दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के कई निर्यातकों की मदद की है। पुलिस साइबर अपराध के पीड़ितों की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहती है। उन्होंने साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करने के लिए तंत्र साझा किया। तत्काल कार्रवाई के लिए www.cybercrime.gov.in और हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया।

इस अवसर पर अध्यक्ष ईपीसीएच और अध्यक्ष उत्तरी क्षेत्र राजकुमार मलहोत्रा, पूर्व अध्यक्ष रवि पासी, राजेश रावत अतिरिक्त कार्यकारी निदेशक, अमला श्रीवास्तव हेड डिजाइनर सहित ईपीसीएच और नई दिल्ली के प्रमुख निर्यातक उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: ट्रेन की चपेट में आकर फर्मकर्मी की मौत

संबंधित समाचार