अयोध्या : रामपथ निर्माण और सृजन में डीएम ने मांगा अधिवक्ताओं का सहयोग
अमृत विचार,अयोध्या। कचहरी स्थित वकालतखाना सभागार में मंगलवार को फैजाबाद बार एसोसिएशन ने स्वागत समारोह का आयोजन किया, जिसमें अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी नितीश कुमार को सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने रामपथ के निर्माण व सृजन में अधिवक्ताओं का सहयोग मांगा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखी, जिस पर उन्होंने समस्याओं का समाधान कराने के लिए आश्वस्त किया।
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने अधिवक्ताओं से अपेक्षा किया कि वह गरीबों को न्याय दिलाने में सहयोग करें। इससे पूर्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र व महामंत्री सूर्य नारायण सिंह ने जिलाधिकारी नितीश कुमार व अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार का स्वागत किया। समारोह का संचालन बार एसो. के पूर्व अध्यक्ष संजीव दुबे ने किया। बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री आलोक खरे, अजय दुबे, मंसूर इलाही, अजय वर्मा, आनंद श्रीवास्तव, कप्तान सिंह, गोविंद तिवारी, दूधनाथ, मानवेंद्र दुबे, कृष्ण मोहन सिंह, प्रदीप चौबे, अंजनी सिंह, सतीश कुमार वर्मा सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने सौंपा छह सूत्रीय ज्ञापन
बार एसोसिएशन अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र व महामंत्री सूर्य नारायण सिंह की अगुवाई में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर मुख्यमंत्री को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अधिवक्ताओं के लिए 5 लाख तक का मुफ्त चिकित्सा बीमा कराने या आयुष्मान योजना में जोड़े जाने , कल्याण निधि समिति में मृतक अधिवक्ताओं के लंबित दावों का भुगतान कराने, अधिवक्ताओं के चेंबर का निर्माण कराने, अधिवक्ता व पत्रकार की मृत्यु पर एक समान धनराशि दिए जाने तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 40 हजार अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना लागू करने एवं एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू की जाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : 'जाम' में जाम छलका रहे युवक, वीडियो वायरल
