बदायूं: कोल्ड स्टोर पर मजदूर ने रेलिंग से लटककर दी जान, मची चीख पुकार
बिहार का रहने वाला था मजदूर, मंगलवार दोपहर फोन पर पत्नी से हुआ था विवाद
बदायूं/ओरछी, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में मजदूर का शव कोल्ड स्टोर की रेलिंग से लटका मिला। साथ काम करने वाले मजदूरों के अनुसार मंगलवार की दोपहर उसका अपनी पत्नी से फोन पर विवाद हुआ था। जिसके बाद शव मिला। बिहार रहने वाले मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है।
कस्बा ओरछी के मुख्य चौराहे के पास गांव परमानंदपुर पर चंदौसी निवासी रवि सतीश का एक ही परिसर में नेचुरा ग्रीन फूड के नाम से मटर प्लांट और आरएस नाम से कोल्ड स्टोर है। जहां बिहार जिले के लगभग 50 मजदूर काम करते हैं। मंगलवार की शाम मजदूरों ने काम निपटाया। खाना बनाकर खाया और परिसर में टहल रहे थे।
देर रात बिहार के जिला पूर्णिया क्षेत्र के गांव डुमरिया निवासी घनश्याम (26) पुत्र ललोही का शव कोल्ड स्टोर के भवन की दूसरी मंजिल की रेलिंग से लटका दिखा। गले में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगा था। मौके पर चीख पुकार मच गई। मजूदरों ने मटर प्लांट के मैनेजर वीर सिंह कुशवाह को बताया। मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी।
प्रभारी निरीक्षक सिद्धांत शर्मा मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारा गया। घनश्याम के परिजनों को सूचना दी। उसके साथ काम करने वाले गांव के ही रुपेश ने बताया कि घनश्याम की शादी लगभग एक वर्ष पहले हुई थी। मंगलवार की दोपहर घनश्याम का उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच काफी देर बातचीत होती रही थी। फोन पर बात करते समय घनश्याम टहलता हुआ मटर प्लांट से कोल्ड स्टोर की ओर आ गया था।
लोगों के पूछने पर उसने मूड खराब होने की बात कही थी। साथियों ने सोचा की पत्नी से झगड़े की वजह मूड खराब होगा। जो थोड़ी देर में सही हो जाएगा लेकिन कुछ ही देर के बाद घनश्याम का शव लटका मिला। पुलिस कोल्ड स्टोर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। प्रभारी निरीक्षक सिद्धांत शर्मा ने बताया कि मटर प्लांट के मैनेजर ने सूचना दी थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: सहसवान कोतवाली में युवक ने कैरोसिन डालकर खुद को लगाई आग, हालत नाजुक
