हल्द्वानीः बाजार में फैलाई गंदगी तो चुकाना पड़ सकता है 10 हजार रुपये का जुर्माना
हल्द्वानी, अमृत विचार (गौरव तिवारी)। शहर के हाट बाजार सुविधाओं से युक्त हैं, लेकिन नियमित सफाई न होने के चलते आसपास गंदगी की समस्या भी उपज रही है। इसी क्रम में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए निगम प्रशासन ने जुर्मानें का प्रावधान किया है। बाजार प्रारंभ होने की अगली सुबह 10 बजे तक स्थल की सफाई नहीं होने पर संबंधित हाट बाजार संचालक के खिलाफ 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। जबकि तीन बार से अधिक गंदगी मिलने पर ठेका निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
वर्तमान समय में निगम क्षेत्र के अंतर्गत सात हाट बाजार संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, हाट बाजार से निगम को सालाना 20 लाख रुपये से अधिक की आय होती है। बाजार संचालित होने के बाद खराब सब्जी, पत्ते, कागज आदि अपशिष्ट वस्तुयें जगह पर ही छोड़ दी जाती हैं। जिसकी शिकायत कई बार निगम तक पहुंची। जिसके बाद निगम ने जिम्मेदारों के साथ ही कर अनुभाग की टीम हाट बाजारों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करेगी। गंदगी मिलने पर हाट बाजार संचालक पर 10 हजार रुपये जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने कहा कि हाट बाजार को पॉलीथिन से मुक्त कराया गया है। जबकि कुछ स्थानों से गंदगी की शिकायत मिल रही है। इस दिशा में कर अनुभाग को निगरानी व कार्रवाई के लिए निर्देश भी दिए गए हैं।
