बरेली: एक तरफ परिणाम जारी, दूसरी तरफ परीक्षा की तैयारी

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

विश्वविद्यालय ने स्नातक तृतीय सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरने की तिथि जारी की, तृतीय, प्रथम सेमेस्टर संस्थागत व बैक के भी फार्म 25 तक भरे जाएंगे

बरेली, अमृत विचार : एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय सेमेस्टर के सभी परिणाम जारी कर दिए हैं। बार-बार अनुराेध के बाद भी जब महाविद्यालयों ने अंक नहीं भेजे तो उनके परिणाम भी रोके गए हैं। अब विश्वविद्यालय ने परिणाम जारी होने के दूसरे दिन ही परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। बुधवार को परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने स्नातक तृतीय सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरने की तिथियां निर्धारित कर दी हैं।

ये भी पढ़ें - बरेली: अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

इसके साथ ही स्नातक प्रथम सेमेस्टर के संस्थागत और बैक परीक्षा के फार्म भी भरे जाएंगे।विश्वविद्यालय ने 2 फरवरी को बीकॉम, 6 को बीएससी और 7 को बीए द्वितीय सेमेस्टर के परिणाम जारी किए थे। इसके बाद अब परीक्षा फार्म भरे जाएंगे ताकि मार्च में परीक्षाओं का आयोजन हो सके।

परीक्षा नियंत्रक के मुताबिक नई शिक्षा नीति के तहत बीए, बीएससी, बीकॉम और बीबीए तृतीय सेमेस्टर के संस्थागत और प्रथम सेमेस्टर के संस्थागत व बैक पेपर के परीक्षा फार्म 13 से 25 फरवरी के मध्य भरे जाएंगे। छात्रों को 26 फरवरी तक ऑनलाइन परीक्षा शुल्क और भरे हुए परीक्षा फार्म महाविद्यालय में जमा करने होंगे। वहीं महाविद्यालयों को 28 फरवरी तक भरे हुए फार्म ऑनलाइन सत्यापित करने होंगे।

परिणाम जारी न होने से छात्र परेशान, करेंगे विरोध: वहीं बीए द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम जारी न होने से छात्र परेशान हैं। छात्रों ने कॉलेज में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। बरेली कॉलेज के भी सैकड़ों छात्रों का परिणाम रोक दिया गया है। इससे परेशान छात्र अब विरोध करने की तैयारी कर रहे हैं।

कई छात्र नेता सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों को एकत्र करने का प्रयास कर रहे हैं। परिणाम जारी न होने की वजह महाविद्यालय के द्वारा आंतरिक, प्रयोगात्मक व व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड न करना है। इस संबंध में बरेली कॉलेज के मीडिया प्रभारी प्रो. एसी त्रिपाठी ने बताया कि किन्हीं कारणों से यदि परिणाम रुका है तो इस समस्या को दूर कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बरेली: पेट्रोल डालकर झोपड़ी में लगाई आग, युवक गंभीर

संबंधित समाचार