मुरादाबाद : नगर निगम ने बढ़ाया कदम, 29.5 करोड़ से बनेगा फोरलेन तटबंध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नमामि गंगे परियोजना के तहत होगा निर्माण, वन विभाग और सिंचाई विभाग को भेजा गया है प्रस्ताव , पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम करेगा उपाय

कटघर क्षेत्र में रामगंगा नदी के तट पर बना अटल घाट।

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर को बाढ़ की विभीषिका से बचाने और सौंदर्यीकरण के कार्यों को सुरक्षित रखने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत कटघर से जामा मस्जिद तक रामगंगा नदी के किनारे फोरलेन तटबंध बनेगा। 29.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस तटबंध का प्रस्ताव वन विभाग और सिंचाई विभाग को भेजा गया है। यहां से अनापत्ति मिलते ही इसपर कार्य शुरू होगा। 

पीतलनगरी को स्मार्ट और सुंदर बनाने के लिए एक तरफ जहां आबादी वाले क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण कार्य कराया जा रहा है। वहीं, रामगंगा नदी के किनारे के इलाके लोगों को बाढ़ की विभीषिका से बचाने और इस क्षेत्र में स्मार्ट सिटी और नगर निगम की ओर से कराए जा रहे कार्यों जैसे अटल घाट व अटल सर्किट आदि की हिफाजत में यह तटबंध काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके बनने से शहर का एक बड़ा हिस्सा सुरक्षित रहेगा। इस कार्य पर 29.5 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

अन्य विभागों द्वारा प्रक्रिया पूरी करने में कोई अड़चन न लगाने पर जल्द ही इस परियोजना को साकार किया जाएगा। नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी ने बताया कि तटबंध फोरलेन का होगा। जिससे इस इलाके की पूरी तरह सुरक्षा होगी। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अन्य कार्य भी कराए जाएंगे।

पौधरोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण के भी होंगे उपाय
इस तटबंध के किनारे पौधरोपण आदि के माध्यम से यहां का वातावरण पर्यावरण के लिए सुरक्षित रहेगा। अटल सर्किट के दायरे में आने वाले नागरिकों के लिए यह लाभदायक रहेगा। नगर निगम प्रशासन ने इसके लिए अपने हिस्से के कार्य को कराने के लिए तैयारी कर ली है। अन्य विभागों की अनापत्ति और इसकी रुपरेखा को सहमति मिलने की देर है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : रेलवे के दावे हवाई, ट्रेनों के संचालन में कोई सुधार नहीं, यात्रियों की परेशानी बढ़ी

संबंधित समाचार