मथुरा: 3 मार्च रंगभरी एकादशी को बांके बिहारी खेलेंगे होली
जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे
मथुरा, अमृत विचार। सब जग होरी ब्रज में होरा कहावत यौं नहीं कही जाती है। ब्रज में पूरे 40 दिन तक होली होती है। यही कारण है कि यहां जिला प्रशासन को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ती हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी और एसएसपी ने वृंदावन के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश अधीनस्थों को दिए।
विदित हो कि बरसाना की प्रसिद्ध होली के साथ ही वृंदावन की होली भी काफी प्रसिद्ध है। बांके बिहारी के भक्त अपने अराध्य के साथ होली खेलने के लिए पूरे साल इंतजार करते हैं। 3 मार्च रंगभरी एकादशी वृंदावन बांके बिहारी मंदिर में होली खेली जाएगी। इस दौरान यहां देश विदेश से भी भक्तों की भारी भीड़
आती है। यही कारण है कि गुरुवार को जिलाधिकारी पुलकित खरे और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय सरकारी अमले के साथ वृंदावन पहुंचे।
उन्होंने यहां श्री बाँके बिहारी जी मन्दिर, केसी घाट, जुगल घाट व देवराज बाबा घाट आदि की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दृष्टि से निरीक्षण व पैदल गश्त की ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं व जनपदवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए स्थानीय लोगों के साथ सुझावों का आदान-प्रदान भी किया। इस दौरान लोगों द्वारा दिये गये सुझावों पर अमल करने के लिए अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिये।
यह भी पढ़ें- मथुरा : एक ही नंबर प्लेट लगाकर चल रही थीं बस और कार, फर्जीवाड़े से अधिकारी भी हैरान
