IND vs AUS : रोहित शर्मा ने रचा कीर्तिमान, तीनों प्रारूपों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान बने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नागपुर। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में शुक्रवार को शतक जड़कर क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में सैकड़ा जमाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गये। रोहित ने यहां वीसीए स्टेडियम पर खेले जा रहे मुकाबले में अपनी पारी की 171वीं गेंद पर चौका जड़कर यह कीर्तिमान रचा। 

रोहित शर्मा ने आउट होने से पहले 212 गेंदों पर 15 चौकों और दो छक्कों के साथ 120 रन बनाये। रोहित तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका), फाफ डू प्लेसिस (दक्षिण अफ्रीका) और बाबर आज़म (पाकिस्तान) के बाद तीनों प्रारूपों में शतक बनाने वाले चौथे कप्तान हैं। यह ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध रोहित का पहला और बतौर सलामी बल्लेबाज छठा शतक भी है। वह अब तक टेस्ट क्रिकेट में नौ शतकों के साथ 3257 रन बना चुके हैं। 

आपको बता दें कि रोहित शर्मा का टेस्ट क्रिकेट में यह 9वां शतक ही है। लेकिन, इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उनके करियर की 43वीं सेंचुरी हो गई है। इस मामले में रोहित ने अब 42 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाने वाले स्टीव स्मिथ, क्रिस गेल और सनत जयसूर्या जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। भारतीय कप्तान के नाम वनडे में भी 30 शतक दर्ज हैं और सचिन तेंदुलकर व विराट कोहली के बाद वह सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। वहीं बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के इतिहास में रोहित शर्मा का यह पहला शतक है। वहीं वह बतौर कप्तान तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बने। रोहित शर्मा से पहले विराट कोहली और एमएस धोनी भी ऐसा नहीं कर पाए।

ये भी पढ़ें :  ICC Women's T20 world cup: टीम इंडिया कब और किससे भिड़ेगी? जानें पूरा शेड्यूल

संबंधित समाचार