गोंडा में अभद्रता व लापरवाही के आरोप में तरबगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सड़क जाम और धरना प्रदर्शन को नियंत्रित करने में विफल रहने पर एसपी ने की कार्रवाई 

गोंडा, अमृत विचार। युवक की गुमसुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गए पीड़ित परिवार से अभद्रता करना और देरी से रिपोर्ट दर्ज करना तरबगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष को भारी पड़ गया। पीड़ितों से अभद्रता और कार्रवाई में शिथिलता बरतने के मामले में पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने शनिवार को प्रभारी थानाध्यक्ष बब्बर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है और पूरे मामले की जांच एएसपी को सौंपी है। रिपोर्ट आने पर विभागीय कार्रवाई भी की जायेगी। 

तरबगंज थाना क्षेत्र के किंधौरा गांव का रहने वाला दीपक सिंह बीते 6 फरवरी को घर से लापता हो गया था। परिजन युवक के गुमसुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गए तो प्रभारी थानाध्यक्ष बब्बन सिंह ने तीन दिन तक उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी। परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने के लिये थाने का चक्कर काटते रहे। आरोप है कि प्रभारी एसओ ने परिजनों से अभद्रता भी की। गुरुवार की देर रात लापता युवक की शव बगल के गांव गड़ौली में क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला था। शव नग्न अवस्था में और उसके सिर पर चोट के निशान मिले थे। शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर एक युवती समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या दर्ज किया। शुक्रवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। 

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उसका शव ले जाकर थाने के सामने रख दिया और पुलिस पर लापरवाही और अभद्रता का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया था। परिजनों कि आरोप था कि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो युवक की जान बच सकती थी। शुक्रवार को देर शाम तक थाने के सामने हंगामा और बवाल चलता रहा। इस मामले में पुलिस की काफी किरकिरी हुई। इसके बाद से ही थाने की पुलिस पुलिस एसपी के निशाने पर थी। 

किन्नरों ने भी सड़क जाम कर किया था हंगामा
पुलिस हत्या के मामले में उलझी ही थी कि शुक्रवार को थाना क्षेत्र के पांडे दुर्जनपुर दुर्गागंज के रहने वाले एक यादव परिवार में गुरुवार को वैवाहिक समारोह में कुछ लोगों ने एक किन्नर की पिटाई कर दी। किन्नर मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने एफआईआर नहीं लिखी। इससे भड़के किन्नरों ने थाने के सामने जमकर हंगामा किया था। आक्रोशित किन्नरों ने थाने के सामने रखा पुलिस का बैरियर सड़क पर उलट दिया और सड़क जाम कर दी थी। किन्नर निर्वस्त्र होकर घंटों तक सड़क पर हंगामा करते रहे लेकिन उनकी रिपोर्ट लिखकर आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय तरबगंज पुलिस तमाशा देखती रही। 

इस मामले को भी नियंत्रित करने में प्रभारी थानाध्यक्ष असफल रहे। इन दोनों मामलों को लेकर एसपी आकाश तोमर काफी नाराज थे। शनिवार की सुबह एसपी ने तरबगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष बब्बर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट बने पर विभागीय कार्रवाई भी की जायेगी।

ये भी पढ़ें -बदायूं में दो मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की टक्कर, दो लोगों की मौत  

संबंधित समाचार