कानपुर में महिला मित्रों के साथ नशेबाजी कर रहे युवक को टोकना पड़ा भारी, सिपाही को लात मारकर गिराया, फिर हुआ ये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में युवक ने सिपाही को लात मारकर गिराया।

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मकड़ीखेड़ा पर दो महिला मित्रों के साथ घूम रहे युवक को टोकना भारी पड़ गया। आरोपी युवक ने सिपाही को लात मारकर गिरा दिया। जिससे सिपाही घायल हो गया।

कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत मकड़ीखेड़ा रोड पर दो महिला मित्रों के साथ घूम रहे युवक को जेब्रा सिपाहियों ने टोका तो वह गालीगलौज करने लगा। एक सिपाही को लात मार कर गिरा दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान शारदा नगर निवासी प्रखर के रूप में हुई है। 

पुलिस का कहना है कि प्रखर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नशे में धुत होकर मकड़ीखेड़ा रोड पर देर रात ढाई बजे घूम रहा था। वहां गश्त कर रहे सिपाही गौरव सिंह ने प्रखर को रोककर देर रात टहलने का कारण पूछा तो प्रखर नाराज हो गया। महिला मित्रों को पास के एक अपार्टमेंट में छोड़ने की बात कहते हुए गालीगलौज और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर प्रखर ने सिपाही को लात मारकर जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान नौकरी से हटवा देने की धमकी देते हुए प्रखर में बीच रोड पर नशेबाजी शुरू कर दी।

सिपाही के वीडियो बनाने पर आक्रोशित प्रखर ने मोबाइल छीन जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। यह देख सिपाही ने कल्याणपुर थाने में मामले की जानकारी दी। इस मामले में कल्याणपुर एसीपी विकास कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मारपीट के दौरान पीड़ित सिपाही के पैर में चोट भी लगी है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार