अयोध्या में चयनित होंगे आदर्श गांव, बनेंगे आम्बेडकर उत्सव धाम
अयोध्या, अमृत विचार। जिले के 10 गांवों को प्रधानमंत्री आदर्श गांवों के रूप में चयनित किया जाएगा। चयनित होने वाले इन गांवों में डा. आम्बेडकर उत्सव योजना के तहत अम्बेडकर उत्सव धाम नाम से सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य कराया जाएगा। एक भवन निर्माण पर 25-25 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
इन भवनों के निर्माण के लिए एसडीएम द्वारा ग्राम पंचायत में 500 वर्ग मीटर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। जिसके लिए गांव में खाली पड़ी ग्राम पंचायत की जमीनों की तलाश शुरू कर दी गई है। इसी भूमि पर 125 वर्ग मीटर में सामुदायिक भवन का हाल भी बनाया जाएगा। इसका रखरखाव ग्राम पंचायतों द्वारा अपने स्वयं के संसाधनों से किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी अनीता यादव ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वह एक सप्ताह के भीतर विकास भवन स्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्माण के लिए 500 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध कराएं, जिसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा डा. आंबेडकर उत्सव धाम परियोजना को लागू करने के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड को नोडल एजेंसी के रूप में नामित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी अनीता यादव ने बताया कि योजना विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर दस प्रधानमंत्री आदर्श गांवों में सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। गांव में एसडीएम द्वारा भूमि उपलब्ध कराए जाने की जिम्मेदारी दी गई है। यह सामुदायिक भवन गांव में होने वाली बैठकों,विभिन्न कार्यक्रमों के लिए उपयोगी साबित होंगे।
यह भी पढ़ें:-प्रियंका गांधी ने निभाया अपना वादा, जमा कराई महिला ऑटो चालक की बेटी की फीस, जानें पूरा मामला
