शाहजहांपुर: जब एसपी को भाकियू शिष्टमंडल से मिलने खुद कार्यालय से आना पड़ा बाहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। ब्लाॅक खुटार के गांव हिम्मतपुर में दो एकड़ विवादित जमीन को लेकर सोमवार को एसपी से मिलने पहुंचे भाकियू शिष्टमंडल को कोविड 19 की गाइड लाइन का हवाला देते हुए कार्यालय के बाहर रोक दिया गया। भाकियू नेता के जिद पर अड़ जाने पर एसपी खुद कार्यालय के बाहर आए और इसके …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। ब्लाॅक खुटार के गांव हिम्मतपुर में दो एकड़ विवादित जमीन को लेकर सोमवार को एसपी से मिलने पहुंचे भाकियू शिष्टमंडल को कोविड 19 की गाइड लाइन का हवाला देते हुए कार्यालय के बाहर रोक दिया गया। भाकियू नेता के जिद पर अड़ जाने पर एसपी खुद कार्यालय के बाहर आए और इसके बाद शिष्टमंडल के चार सदस्यों को कार्यालय के अंदर ले जाकर उनसे वार्ता की। एसपी ने एडीएम प्रशासन और एएसपी ग्रामीण से वार्ता कराकर समस्या समाधान का आश्वासन दिया।

भारतीय किसान यूनियन भानु गुट का शिष्टमंडल सोमवार को एसपी एस आनंद से मिलने पहुंचा था, लेकिन यहां गेट पर ही शिष्टमंडल को रोक दिया गया। कोविड 19 की गाइड लाइन का पालन करने की बात कह शिष्टमंडल में से एक सदस्य को अंदर जाने की अनुमति दी गई। इस पर भाकियू जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव भड़क गए और उन्होंने अकेले एसपी से मिलने से मना कर दिया।

अंदर से पीआरओ बाहर निकले, उन्होंने भाकियू नेता को कोविड19 की गाइड लाइन का वास्ता दिया कि कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने की वजह से कार्यालय के अंदर ज्यादा लोगों से मिलने से मना किया जा रहा है लेकिन भाकियू नेता अपनी जिद पर अड़े रहे। इसके बाद एसपी को खुद कार्यालय से निकलकर बाहर आना पड़ा।

एसपी कुछ देर की वार्ता के बाद भाकियू जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव, विधिक सलाहकार वीरेंद्र यादव, युवा जिलाध्यक्ष जसपाल सिंह को कार्यालय के अंदर ले गए। जहां सोशल डिस्टेंसिंग के साथ भाकियू शिष्टमंडल से वार्ता कर एडीएम प्रशासन और एएसपी ग्रामीण अपर्णा गौतम को बुलाया।

दोनों अधिकारियों के सामने शिष्टमंडल ने खुटार ब्लाॅक के गांव हिम्मतपुर की विवादित जमीन का मामला सामने रखा। जिस पर अधिकारियों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बता दें कि सोमवार को कोविड 19 की गाइड लाइन के मुताबिक एसपी ने फरियादियों से वीडियो कांफ्रेसिंग से वार्ता की शुरूआत की, इसीलिए भाकियू शिष्टमंडल को भी गेट के बाहर रोक दिया गया था। बाद में एसपी ने कार्यालय के बाहर निकलकर शिष्टमंडल से मुलाकात की।

संबंधित समाचार