Kanpur Zoo में कुनबा बढ़ाने की तैयारी, जानवरों का परिवार बढ़ाने के लिए दूसरे जू से होगी अदला बदली
कानपुर के चिड़ियाघर में कुनबा बढ़ाने की तैयारी।
कानपुर के चिड़ियाघर में कुनबा बढ़ाने की तैयारी। जानवरों का परिवार बढ़ाने के लिए दूसरे जू से अदला बदली होगी। पशुओं की रिपोर्ट तैयार कर जू अथॉरिटी को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
कानपुर, अमृत विचार। प्रदेश के सबसे बड़े चिड़ियाघर में जानवरों का कुनबा बढ़ाने को लेकर प्राणी उद्यान में मंथन जोरों पर है। किस जानवर के लिए देश के किस चिड़ियाघर से पशुओं को लाया जाए, इसको लेकर तैयारी की जा रही है। लोमड़ी, टाइगर, भालू, शेर आदि जानवर शामिल हैं। आंध्र प्रदेश के तिरुपति चिड़ियाघर से सफेद बाघिन को बाघों का कुनबा बढ़ाने के लिए ही कानपुर चिड़ियाघर में लाया जा रहा है।
चिड़ियाघर के पास दो सफेद बाघ हैं, जिसमें एक लव है। उम्र अधिक होने की वजह से प्रजनन के लिए अब यह बाघ फिट नहीं है। इसलिए इसे तिरुपति बालाजी भेजकर वहां से एक बाघिन को लाया जा रहा है। मार्च में यह बाघिन कानपुर पहुंच सकती है, इसको लेकर जू अथारिटी से भी मंजूरी मिल चुकी है। इसी तरह अब अन्य टाइगर, भालू, लोमड़ी सहित अन्य जानवरों का कुनबा बढ़ाने को लेकर भी चिड़ियाघर प्रशासन की ओर से मंथन किया जा रहा है। इसमें कौन सा जानवर फिट नहीं है और किस जानवर को दूसरे चिड़ियाघर से लाया जा सकता है। इन बिंदुओं पर विचार किया जा रहा है।
पशु चिकित्सक ऐसे पशुओं की सूची तैयार करेंगे और उनके बदले किन जानवरों को भेजा जा सकता है, इस पर भी एक सूची तैयार की जाएगी। प्रजनन के लिए फिट जानवर कहां से लाए जा सकते हैं, इस पर अधिकारियों से भी राय ली जाएगी। निदेशक कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि जानवरों के प्रजनन को लेकर मंथन किया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भालू की मस्ती देख रोमाचिंत हुए बच्चे
- खुशनुमा मौसम के बीच चिड़ियाघर के जानवर भी खूब मस्ती के मूड़ में हैं। उन्हें देखने आ रहे दर्शक भी उनकी हरकत देख खूब रोमाचिंत हो रहे हैं। शनिवार को परिवार संग घूमने आईं युवक-युवतियों ने सेल्फी ली तो वहीं बच्चे भालू की मस्ती देख उछल पड़े। फुर्ती के साथ बार बार बाड़े के छज्जे पर चढ़ते तेंदुए को देख बच्चे ताली बजा रहे थे तो वहीं बाघ की दहाड़ देख बच्चे खूब रोमांचित हो रहे थे।
