हल्द्वानी: शहर में प्रस्तावित फ्लाईओवर का सर्वे कार्य जारी
हल्द्वानी में मंगलपड़ाव से तिकोनिया और कालूसिद्ध मंदिर से मुख्नी तक प्रस्तावित है फ्लाईओवर
गुरुग्राम की कंपनी सर्वे कार्य पूरा करने के बाद तैयार करेगी रिपोर्ट सर्वे कार्य के लिए सरकार की ओर से 81 लाख रुपये का बजट जारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर का सर्वे कार्य शुरू हो गया है। जिसके लिए नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड पर निर्माण होने वाले फ्लाईओवर का सर्वे कार्य चालू है। सर्वे कार्य का जिम्मा गुरुग्राम की एक कंपनी को सौंपा गया है। इसके साथ ही देहरादून के फ्लाईओवरों का सर्वे भी किया जाना है। कंपनी की एक इकाई ने देहरादून में सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। सर्वे में यह भी क्षएत्र के भौगोलिक स्थित के साथ ही यह भी देखा जाएगा कि संबंधित सड़कों में नियमित रूप से कितने वाहनों का आवागमन होता है। साथ ही इन वाहनों के दबाव की रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।
हल्द्वानी में नैनीताल रोड पर मंगलपड़ाव से तिकोनिया चौराहे तक और कालूसिद्ध मंदिर से मुखानी तक फ्लाईओवर बनाने की योजना है। जिसके तहत लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सरकार की ओर से फ्लाईओवर के सर्वे कार्य के लिए 81 लाख रुपये मंजूर होने के बाद सर्वे कार्य चालू है। सर्वे में इन दोनों मार्गों पर फिजिबिलिटी टेस्ट किया जा रहा है। यह सर्वे कार्य करीब 6 महीने चलेगा। जिसके बाद गुरुग्राम की कंपनी अपनी रिपोर्ट तैयार कर लोक निर्माण विभाग को सौंपेगी। रिपोर्ट के बाद ही फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
