Chitrakoot News : निवेश प्रस्तावों में चित्रकूट को मिला प्रदेश में 11वां स्थान, जिलाधिकारी ने दी बधाई
चित्रकूट को निवेश प्रस्ताव में मिला 11वां स्थान।
चित्रकूट को निवेश प्रस्तावों में 11वां स्थान मिला। इस पर जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने सबको बधाई दी।
चित्रकूट, अमृत विचार। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि जिलों में आए निवेश प्रस्तावों में चित्रकूट ने प्रदेश में 11वां स्थान प्राप्त किया है, जो गौरव की बात है। इसके लिए उन्होंने उद्योगपतियों और अधिकारियों आदि को बधाई दी।
गौरतलब है कि डीएम की पहल से उत्साहित उद्यमियों ने जिले में जो निवेश किया, वह प्रदेश में निवेश का 2.18 प्रतिशत है। यहां बड़े जनपदों से भी ज्यादा सौर ऊर्जा में निवेश होने की संभावना है। इससे 78471 लोगों को रोजगार मिलने की आशा है। डीएम ने आशा जताई कि इससे रोजगार के लिए परेशान युवकों का पलायन रोकने में मदद मिलेगी।
डीएम ने जिले में निवेश को इच्छुक उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का गंभीरतापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। भजन संध्या स्थल में रविवार को हुए कार्यक्रम में लखनऊ में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के समापन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि औद्योगिक नीति से प्रदेश को जोड़कर कार्य किया जा रहा है, जिसमें सबसे पिछड़े जिले चित्रकूट को जोड़कर उद्यम स्थापित किया जा रहा है। सीएम के नेतृत्व में प्रदेश के साथ जिले का भी विकास तेजी से हो रहा है। उद्यमियों से अनुरोध किया कि वे अधिक से अधिक उद्योग स्थापित कर बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराएं। उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र एसके केशरवानी ने सभी का स्वागत किया।
