बरेली: पुलिस को चुनौती, बिथरी में फिर गोवंशीय पशुओं को काटकर फेंके अवशेष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/बिथरी चैनपुर, अमृत विचार। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के क्षेत्र में करीब 25 गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने एक ही रात में 120 पशु तस्करों को गिरफ्तार कर उनके हौसले पस्त करने की कोशिश की। गोकशी पर बिथरी के थाना प्रभारी और रिठौरा के चौकी इंचार्ज को निलंबित कर पुलिस को भी सख्ती का संदेश दिया लेकिन इसके बावजूद रविवार को पशु तस्करों ने बिथरी इलाके में छह गोवंशीय पशुओं को काटकर पुलिस को फिर चुनौती दे डाली। पुलिस महकमे में इस घटना से खलबली मच गई।

बिथरी चैनपुर में थाना प्रभारी के निलंबन के अगले ही दिन फिर गोवंशीय पशुओं को काटकर उनके अवशेष फेंक दिए जाने की घटना पशु तस्करों के बेखौफ हो जाने की दास्तां बयां कर रही है। इस बार गोवंशीय पशुओं को बिथरी के कमुआ मोड़ के पास काटा गया और फिर बहगुल नदी के छिछले पानी में उनके अवशेष फेंक दिए गए। एक दिन पहले ही बिथरी चैनपुर और रिठौरा चौकी क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिले थे। इस घटना के बाद अफसरों ने थाना बिथरी चैनपुर और बारादरी की पुलिस के साथ एसओजी समेत 15 टीमें गठित की हैं जो गोवंशीय पशुओं को काटने वाले तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी पशु तस्करों को 24 घंटे में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।

हिंदू संगठनों का हंगामा, पुलिस ने गोकशी कराने का आरोप लगाया तो और बिफरे
बिथरी इलाके में लगातार दूसरे दिन गोकशी की घटना होने पर हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जल्द पशु तस्करों की गिरफ्तारी कराने की बात कहकर शांत किया। हालांकि इसी दौरान हिंदू संगठन के कार्यकर्ता हिमांशु पटेल ने इस बात पर आपत्ति जताई कि पुलिस उन्हीं पर गोकशी कराने का आरोप लगा रही है। हिमांशु की एसपी सिटी राहुल भाटी के साथ इस बात पर जमकर नोकझोंक भी हुई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

जंगलों के ऊपर पांच घंटे तक उड़ाया ड्रोन
कन्थरिया और नवादिया जंगल में एसपी सिटी और एएसपी ने भारी फोर्स के साथ करीब पांच घंटे तक कॉबिंग की। इस दौरान ड्रोन उड़ाकर जंगल के चप्पे-चप्पे पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने यह जानने की कि कोशिश करती रही कि पशु तस्कर कहीं जंगल के रास्ते तो गोवंश की तस्करी नहीं कर रहे हैं।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस की 15 टीमें गठित की गई हैं जो पुराने रिकार्ड के आधार पर पशु तस्करों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पशु तस्करों के खिलाफ अब लगातार अभियान चलाया जाएगा।-राहुल भाटी, एसपी सिटी

ये भी पढ़ें- बरेली: निवेशकों को मिलेगा सम्मान, नहीं होगी कोई दिक्कत

 

संबंधित समाचार