बरेली: ट्रक में ठूंसकर भरे 56 जानवर, चार की मौत
बरेली/फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। एक तरफ जहां गोवंशों का बध किया जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ जानवरों को गाड़ियों में ठूस कर भरकर ले जाया जा रहा है, जिससे उनकी जान जा रही है। फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने नेशनल हाइवे पर एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें 56 भैंसें ठूसकर भरकर ले जायी जा रही थीं। जब पुलिस ने सभी भैसें बाहर निकालीं तो उनमें से चार की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार देर रात थाना प्रभारी अश्वनी सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि रामपुर की तरफ से एक गाड़ी जानवरों से भरी बरेली जा रही है। थाना प्रभारी ने दरोगा ब्रह्मपाल सिंह व महेश पाल सिंह को टीम के साथ चेकिंग के लिए भेज दिया। टीम ने चेकिंग के दौरान राधा कृष्ण मंदिर के सामने जानवरों से लदा एक ट्राला पकड़ा जिसमें ठूंस-ठूंस कर जानवर भरे हुए थे। थाने लाकर पुलिस ने जानवरों को नीचे उतारा तो उसमें 56 जानवर निकले जिसमें 4 की मौत हो गई। सभी भूख से तड़प रहे थे सभी को पुलिस ने पानी पिलाकर चारा डाला।
पूछताछ में चालक और परिचालक ने अपना नाम रुमाल सिंह पुत्र पतराम सिंह निवासी बुचपुरी मजरा थाना कांठ जिला मुरादाबाद अब्दुल बाजिद पुत्र अब्दुल कदीर निवासी कस्बा गंगो जिला सहारनपुर बताया और बताया कि हम जानवर मुजफ्फरनगर बाजार से खरीद कर लाए और काटने के लिए नकटिया बरेली ले जा रहे थे। थाना प्रभारी ने रविवार की सुबह चिकित्सा अधिकारी अनिल भास्कर सहयोगी रामचन्द्र ने सभी जानवरों का मेडिकल किया। मृत चार पशुओं का पोस्टमार्टम कर गड्ढे में गाड़ दिया। थाना प्रभारी अश्वनी सिंह ने बताया कि जानवरों से भरी गाड़ी पकड़ी गई जिसमे 56 जानवर बरामद हुए जिनमें 4 की मौत हो गई। दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है सोमवार को उन्हें जेल भेजा जाएगा।
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भारतीय गऊ क्रांति मंच फरीदपुर के अध्यक्ष सत्यम गौड़ ने फरीदपुर में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया। उन्हें सूचना मिली कि एक वाहन में आठ पशुओं को शराफत हुसैन उर्फ पप्पू पुत्र अशमतुल्लाह निवासी मिल्कीपुर कटरा शाहजहांपुर भरकर ले जा रहे थे। जिन पर पशु क्रूरता के तहत मामला दर्ज कराया गया।
ये भी पढ़ें- बरेली: महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए डाकघर में 30 रुपये में मिलेगा गंगाजल
