हल्द्वानीः कॉलेज की रंजिश सड़क पर आई, तो छात्र की जान पर बन आई
हल्द्वानी, अमृत विचार। कॉलेज की रंजिश सड़क पर आई तो छात्रों के बीच खूनी जंग हो गई। एक गुट ने युवक पर चाकू और बोतल से हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने घायल के भाई की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चौधरी कालोनी बरेली रोड निवासी हरीश पाल पुत्र जगदीश पाल एमबीपीजी कॉलेज का छात्र है। साथ ही वह एक डायग्नोस्टिक सेंटर में काम भी करता है। पुलिस को दी तहरीर में हरीश के फुफेरे भाई गोरापड़ाव बरेली रोड निवासी अमन पाल पुत्र दयाराम पाल ने बताया कि कुछ समय पहले कॉलेज में शिवम बिष्ट के साथ मारपीट हो गई थी और इसी वजह से शिवम, हरीश से रंजिश रखने लगा।
बीती 27 जनवरी को शिवम को जान से मारने की धमकी भी मिली थी। आरोप है कि 11 फरवरी की शाम हरीश पाल व उसका दोस्त देव शर्मा स्कूटी से डाइग्नोस्टिक सेंटर जा रहे थे। क्रियाशाला पर शिवम बिष्ट पुत्र महेन्द्र सिंह बिष्ट, पीयूष जोशी, नीरज गौड़ व संतोष निवासीगण धान मिल बरेली रोड और गन्ना सेंटर निवासी शैलेन्द्र ने घात लगाकर हरीश पर कांच की बोतल, चाकू और डंडे से हमला कर दिया।
चीख-पुकार पर आरोपी हथियार लहराते हुए भाग निकले। हरीश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
