BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर IT की कार्रवाई, फोन जब्त कर स्टाफ को घर भेजा, कांग्रेस ने किया विरोध

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

नई दिल्ली। BBC के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर आयकर विभाग (IT) ने मंगलवार को छापा मारा है। एक्शन के दौरान स्टाफ के फोन बंद करा दिए गए हैं। साथ ही किसी को परिसर में आने-जाने से रोक दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि BBC के दिल्ली स्थित दफ्तर में आयकर विभाग सर्वे कर रहा है। BBC का दफ्तर केजी मार्ग पर है।

बीबीसी द्वारा दो-भाग वाले वृत्तचित्र “इंडिया: द मोदी क्वेश्चन” को प्रसारित करने के कुछ सप्ताह बाद यह औचक कार्रवाई हुई। यह पता चला है कि यह कार्रवाई मुंबई में आयकर विभाग के महानिदेशक द्वारा बीबीसी के तीन परिसरों में शुरू की गई थी।

अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों में आयकर अधिकारियों के पहुंचने के साथ ही सुबह 11 बजे अचानक से यह कार्रवाई शुरू हुई। उन्होंने कहा कि बीबीसी के कर्मचारियों को परिसर के अंदर एक विशेष स्थान पर अपने फोन रखने के लिए कहा गया था।

उन्होंने कहा कि विभाग, लंदन मुख्यालय वाले सार्वजनिक प्रसारक और उसकी भारतीय शाखा के कारोबारी संचालन से जुड़े दस्तावेजों पर गौर कर रहा है। सूत्रों ने संकेत दिया कि जांच बीबीसी सहायक कंपनियों के अंतरराष्ट्रीय कराधान के मुद्दों से जुड़ी है।

खबर फैलते ही मध्य दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित बीबीसी कार्यालय के बाहर भारी संख्या में राहगीरों और मीडिया कर्मियों को देखा गया। मुंबई में बीबीसी का कार्यालय सांताक्रूज में है। सर्वे के तहत, आयकर विभाग केवल कंपनी के व्यावसायिक परिसर की ही जांच करता है और इसके प्रवर्तकों या निदेशकों के आवासों और अन्य स्थानों पर छापा नहीं मारता है। 

उधर, कांग्रेस ने आईटी की इस कार्रवाई को बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर बैन से जोड़ा है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है। अघोषित आपातकाल।

क्या है बीबीसी डॉक्यूमेंट्री का मामला?
दरअसल, हाल ही में बीबीसी की एक डॉक्यूमेंट्री आई थी। यह डॉक्यूमेंट्री 2002 के गुजरात दंगों पर थी। केंद्र सरकार ने प्रोपेगेंडा बताते हुए इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी थी। यह मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में है। ऐसे में विपक्ष आयकर विभाग की छापेमारी को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री से जोड़ कर केंद्र पर निशाना साध रहा है।

उधर, महुआ मोइत्रा ने ट्वीट कर बताया कि बीबीसी के दिल्ली दफ्तर में आयकर के छापेमारी की खबर है. बहुत खूब. अप्रत्याशित।

ये भी पढ़ें- पुलवामा हमले पर दिग्विजय के ट्वीट से शुरू हुई राजनीति, नरोत्तम मिश्रा ने कही ये बड़ी बात

संबंधित समाचार