अल्मोड़ा: मूल रूप में संरक्षित होगी अल्मोड़ा की पटाल बाजार 

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

शासन ने जिला प्रशासन से मांगी चरणबद्ध कार्य योजना, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश 

अल्मोड़ा, अमृत विचार। अल्मोड़ा के ऐतिहासिक पटाल बाजार को मूल रूप में संरक्षित किए जाने के लिए शासन को भेजे गए प्रस्ताव के बाद अब शासन ने जिला प्रशासन से विस्तृत आख्या तथा चरणबद्ध कार्य योजना मांगी है, जिसके बाद अल्मोड़ा की पटाल बाजार के पुराने स्वरूप में आने की उम्मीद जगी है। इस संबंध में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। 

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अल्मोड़ा को निर्देश दिए कि पटाल बाजार के अंतर्गत होने वाले कार्यों जैसे रंग रोगन, साज सज्जा, कलर कोडिंग आदि के बारे में नियम और शर्तें तैयार करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों तथा दुकानदारों की ओर से कार्य पूर्ण होने के उपरांत उसके रख रखाव एवं कोई अन्य परिवर्तन जिला प्रशासन व नगर पालिका की अनुमति के बिना नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कार्य दो चरणों में किए जाने हैं।

प्रथम चरण में बिजली के तार, टेलीफोन के तार, पानी की लाइन जैसी यूटिलिटी को भूमिगत किया जाना है, जबकि दूसरे चरण में बाजार के सौंदर्य व पटाल बिछाने केकार्य किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने यूपीसीएल तथा जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमिगत होने वाली यूटिलिटी की ड्राइंग तैयार करें।

इस कार्य को उन्होंने विषय विशेषज्ञों के माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी सौंपे गए कार्यों में व्यक्तिगत रुचि लेकर जल्द से जल्द पूर्ण करें, ताकि शासन के निर्देशानुसार कार्य योजना भेजी जा सके। बैठक में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अल्मोड़ा भरत त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 

 

संबंधित समाचार