सांसद खेल स्पर्धा महाकुंभ : PM Modi बोले- खेल का मैदान हो या जिंदगी का मैदान, हार-जीत लगी रहती है
गोरखपुर,अमृत विचार। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोरखपुर में आयोजित सांसद खेल महाकुंभ में कहा, मैं गोरखनाथ की पवित्र धरती को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। सांसद खेल प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को मैं बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस प्रतियोगिता में कुछ खिलाड़ियों को जीत मिली होगी तो कुछ को हार का सामना करना पड़ा होगा। खेल का मैदान हो या जिंदगी का मैदान, हार-जीत लगी रहती है।
पीएम मोदी ने कहा, मैं खिलाड़ियों को यही कहूंगा कि आप यहां तक पहुंचे हैं, तो आप हारे नहीं हैं बल्कि आपने जीतने के लिए बहुत कुछ सीखा है। आपने ज्ञान अर्जन किया है, अनुभव प्राप्त किया है। यही तो सबसे बड़ी पूंजी है। अगर भारत को दुनिया की श्रेष्ठ स्पोर्टिंग पावर बनना है तो हमें नए रास्ते चुनने होंगे। नई व्यवस्थाओं का निर्माण करना होगा। ये सांसद खेल महाकुंभ इसी तरह का एक नया मार्ग है। खेल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ये बहुत जरूरी है कि स्थानीय स्तर पर निरंतर खेल प्रतियोगिता होती रहे।
पीएम मोदी ने कहा, आप में से ही ऐसी प्रतिभाएं निकलेंगी जो आगे जाकर ओलंपिक जैसे अंतराष्ट्रीय आयोजनों में देश के लिए मेडल जीतेंगी। मैं सांसद खेल महाकुंभ को उस मजबूत नींव की तरह मानता हूं जिस पर भविष्य की बहुत भव्य इमारत का निर्माण होने जा रहा है। हमारे देश में बहुत सारा गुत्प और सुप्त सामर्थ्य है जो बाहर आने के लिए लालायित है। खेल की दुनिया में ऐसे सामर्थ्य को सामने लाने में सांसद खेल महाकुंभ की बड़ी भूमिका है। इन प्रतियोगिताओं से आगे बढ़कर कई खिलाड़ी राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर खेलेंगे।
'सांसद खेल स्पर्धा महाकुंभ' का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह व वीडियो संदेश के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी द्वारा मार्गदर्शन https://t.co/lTaz7sl0hT
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) February 16, 2023
यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, खेलो इंडिया खेलो और फिट इंडिया मूवमेंट ने देश में खेल के प्रति आम युवा में एक नई जागरूकता पैदा की और आज किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का खिलाड़ी ज्यादा संख्या में प्रतिभाग करता है,मेडल प्राप्त करके देश के गौरव को बढ़ाने का कार्य करता है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ में महंत राजूदास ने पुलिस कमिश्नर को दी स्वामी प्रसाद के खिलाफ शिकायत
