नैनीताल: मॉल रोड और रूसी बाईपास पर सीवर लाइन बिछाने का कार्य जल्द होगा पूरा
नैनीताल, अमृत विचार। शहर की माल रोड और रूसी बाईपास पर नई सीवर लाइन बिछाने के लिए एडीबी द्वारा 96.15 करोड़ की परियोजना पर कार्य प्रगति पर चल रहा है। मॉल रोड पर बिछी पुरानी लाइन को रिहैब किया जा रहा है।
एडीबी के सहायक अभियंता अनिल परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण में 1700 मीटर की मल्लीताल पंत मूर्ति से लेकर मॉल रोड होते हुए तल्लीताल पोस्ट ऑफिस तक पुरानी लाइन को सीआईपीपी विधि से रिहैब किया जा रहा है।
अभी तक 625 मीटर लाइन का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं 25 मार्च 2023 तक शेष 1075 मीटर का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसमें मेन होल के जरिए पुराने पाइप के अंदर नए पाइप डाले जा रहे हैं।
इसी के साथ रूसी बाईपास पर 150 मीटर नयी लाइन डालने का कार्य पूरा कर लिया गया है, वहीं शेष 2100 मीटर लाइन का कार्य भी निर्धारित समय पर पूरा कर लिया जाएगा।
बताया कि इसके अलावा भी ठंडी रोड समेत अन्य मुख्य क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।
उधर प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज उपाध्याय ने बताया कि इस कार्य योजना के तहत 5 साल तक सीवर लाइन से संबंधित समस्या और मरम्मत की जिम्मेदारी भी कार्यदायी संस्था की है।
