रायबरेली: शिव बारात में उमड़ा भक्तों का हुजूम, झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र
ऊंचाहार/ रायबरेली, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर शहर में भव्य शिव बारात निकाली गई। इस बारात में हजारों की संख्या में शिव भक्तों ने प्रतिभाग किया। शिव बारात के दौरान निकाली गई भव्य झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
शनिवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता के नेतृत्व में परंपरागत रूप से शिव बारात निकाली गई है। शहर के महादेवन मोहल्ले में स्थित स्वयंभू शिवलिंग मंदिर से शुरू हुई शिव बारात नगर के विभिन्न मार्गो से होते हुए गायत्री नगर मोहल्ले में स्थित शिवालय पर समाप्त हुई है। शिव बारात के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
महादेवन मोहल्ले से शुरू हुई शिव बारात मुख्य चौराहा, बस स्टेशन से होते हुए अरखा फ्यूल्स के पास से वापस फड़ मोहल्ला के रास्ते से गायत्री नगर में पहुंची है। इस दौरान बारात में चल रही विभिन्न देवी- देवताओं और शिव गणों की भव्य झांकी को देखने के लिए भारी संख्या में लोग एकत्र हुए थे. मुख्य मार्गों के छतों पर पर भी महिलाएं ,बच्चे और पुरूष खड़े होकर शिव बारात की भव्यता का आनंद लेते रहे।
ये भी पढ़ें - रायबरेली में किसान का बेटा बना ऑडिट अफसर, गांव का नाम किया रोशन
