UP में ‘AAP’ ने शुरू किया ‘बुलडोजर आहुति यज्ञ’ अभियान, बोले संजय सिंह- तालिबान के नक्शे कदम पर चल रही है BJP सरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी में योगी सरकार के विरोध के जरिये अपनी जड़े जमाने में लगी आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार से ‘बुलडोजर आहुति यज्ञ’ अभियान की शुरूआत की। पार्टी के यूपी प्रभारी सांसद संजय सिंह ने कानपुर देहात की घटना के विरोध में गोमती नगर स्थित प्रदेश कार्यालय पर ‘बुलडोजर आहुति यज्ञ’ किया और सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना की।

इस मौके पर निकाय चुनाव प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यज्ञ के बाद पत्रकारों से बातचीत में संजय सिंह ने कहा कि कानपुर देहात की घटना दर्शाती है कि प्रदेश की भाजपा सरकार तालिबान के नक्शे कदम पर चल रही है। कानपुर देहात के रूरा क्षेत्र में शासन प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर से एक पक्का मकान गिरा दिया गया और मकान के पास ही भगवान शिव का मंदिर भी गिरा दिया गया।

पीड़ित परिवार की जिलाधिकारी ने भी मदद नहीं की। हर तरफ से निराश प्रमिला देवी के परिवार ने घटनास्थल के पास ही एक झोपड़ी बना ली जिसको रात में बुलडोजर से गिराने के बाद आग लगाकर जला दिया गया। इस कृत्य में प्रमिला देवी और उनकी पुत्री की जलकर मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद को बाबा बुलडोजर कहे जाने पर गर्व करते हैं। घटना के तूल पकड़ने पर सरकार जांच की बात कर रही है। आप की मांग है कि उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई इस केस की जांच करें।

पीड़ित परिवार को पक्का मकान बना कर दिया जाए, एक करोड़ का मुआवजा दिया जाए साथ-साथ दोनों बेटों को सरकारी नौकरी दी जाए। राज्यसभा सांसद ने कहा कि यह बुलडोजर किसी का सगा नहीं है और ना ही किसी वर्ग विशेष या धर्म विशेष के लिए हमदर्दी रखता है। बुलडोजर हमेशा गरीबों के आशियाने पर ही चलता है।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बोला हमला, कहा- हर तरफ जंगलराज की स्थिति है

संबंधित समाचार