Kanpur Dehat : थाना प्रभारी ने शिवलिंग पर माथा टेका, SDM के निर्देश पर बुलडोजर से ढहा दिया धार्मिक स्थल, Video Viral
कानपुर देहात में मां-बेटी की मौत में नया वीडियो आया सामने।
कानपुर देहात में मां-बेटी की मौत के मामले में एक नया वीडियो वायरल हो रहा। इसमें रूरा थाना प्रभारी ने शिवलिंग पर माथा टेकने के बाद एसडीएम के निर्देश पर बुलडोजर से धार्मिक स्थल ढहा दिया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। मड़ौली में मां-बेटी के जिंदा जलने के पूर्व रूरा थाना के तत्कालीन निलंबित एसओ ने एसडीएम के निर्देश पर अतिक्रमण जमीन पर रखे गए चबूतरे पर चढ़कर शिवलिंग के पैर छुए थे। इसके बाद जेसीबी से धार्मिक स्थल क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। मामले का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालाकि अमृत विचार इसकी पुष्टि नहीं करता है।
बीती 13 फरवरी को मड़ौली गांव में अतिक्रमण हटाने के लिए तत्कालीन निलंबित मैथा एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद के साथ रूरा थाने के तत्कालीन निलंबित एसओ दिनेश कुमार गौतम, जेल भेजे गए लेखपाल अशोक कुमार चैहान, जेसीबी चालक दीपक समेत कानूनगो, लेखपाल व पुलिस कर्मियों की टीम मौके पर गई थी। वायरल वीडियो के अनुसार गांव पहुंचने के बाद एसडीएम अतिक्रमण व धार्मिक स्थल का कब्जा हटाने के निर्देश देते हैं।
जिसके बाद तत्कालीन रूरा थाना प्रभारी दिनेश गौतम उसे तोड़ने से मना करते हैं। बाद में एसडीएम के कहने पर जूते उतारकर चबूतरे पर चढ़ जाते हैं और शिवलिंग के पैर छूकर हाथ जोड़ते हैं। फिर उसे हाथ से हिलाने की कोशिश करते हैं और बाद मना कर देते हैं। एसडीएम जेसीबी के ड्राइवर से शिवलिंग को हिलाने के लिए कहते हैं।
जेसीबी ड्राइवर के चबूतरा तोड़ने के दौरान धार्मिक स्थल क्षतिग्रस्त हो जाता है। लोगों का मानें तो यह सब हत्यारोपी एसडीएम के आदेश पर ही हो रहा था। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के प्रति एक बार फिर से आक्रोश पनप रहा है और सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।
