अमरोहा: हर्ष फायरिंग की सूचना पर पहुंचे दरोगा को लगी गोली, आरोपी गिरफ्तार
तमंचा बरामदगी के दौरान छीना झपटी में चली गोली, घायल दरोगा जिला अस्पताल में भर्ती
नौगावां सादात (अमरोहा), अमृत विचार। गांव मुंढाखेड़ा में शिवभक्तों को ले जा रहे ट्रैक्टर चालक ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी । ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे दरोगा ने युवक से तमंचा छीनने का प्रयास किया तो इस दौरान गोली चल गई। गोली दरोगा के हाथ में लगी जिससे वह घायल हो गया। सूचना पर सीओ सिटी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को गिरफ्तार लिया। घायल दरोगा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव रतनपुर खुर्द के लोग हरिद्वार से कांवड़ लेकर आए थे और ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर गांव के मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। इस दौरान गांव का युवक चमन सिंह ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर पर डीजे लगा हुआ था। पुलिस के मुताबिक मुंढ़ाखेड़ा गांव पहुंचने पर चमन सिंह ने तमंचे से फायरिंग कर दी। सूचना पर दरोगा महेंद्र शर्मा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और चमन सिंह को ट्रैक्टर से उतारकर उसकी तलाशी ली।
पुलिस ने चमन सिंह के कब्जे से तमंचा बरामद कर लिया। लेकिन दरोगा और आरोपी युवक के बीच छीना झपटी में तमंचे से गोली चल गई जो दरोगा के हाथ में लगी। जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
गांव मुढ़ाखेड़ा में हर्ष फायरिंग की सूचना पर दरोगा पुलिसबल के साथ मौके पर गए थे। इस दौरान दरोगा को गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गए। तमंचा बरामद कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।-आदित्य लांग्हे, एसपी अमरोहा
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: औषधि निरीक्षक ने की दवा की अवैध दुकान सील
