बरेली: सेंट्रल जेल के 65 और कैदियों समेत 184 संक्रमित, तीन की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सेंट्रल जेल के कैदियों में कोरोना संक्रमण मिलने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। यहां 65 कैदी और संक्रमित पाए गए। वहीं जिले में तीन संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पिछले तीन दिन में इस जेल में 155 कैदी संक्रमित मिल चुके हैं। इससे जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग …

बरेली, अमृत विचार। सेंट्रल जेल के कैदियों में कोरोना संक्रमण मिलने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। यहां 65 कैदी और संक्रमित पाए गए। वहीं जिले में तीन संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पिछले तीन दिन में इस जेल में 155 कैदी संक्रमित मिल चुके हैं। इससे जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है। वहीं, सेना के तीन और जवानों को भी संक्रमित पाया गया। कैदियों को जेल में ही आईसोलेट किया गया है।

जिले में मंगलवार को कुल 184 नए संक्रमित मिले। एसआरएमएस में छह कर्मचारी संक्रमित पाए गए। शहर की एक निजी लैब में भी टेक्नीशियन को संक्रमित पाया गया है। शहर के बिहारीपुर में सबसे ज्यादा 11 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सीबीगंज में छह, फरीदपुर में पांच और संक्रमित मिले हैं। नेकपुर-गणेश नगर में तीन, इज्जतनगर में तीन, डीडीपुरम में एक, टेलीफोन कालोनी शास्त्री नगर में दो, सेवाधाम कालोनी में एक, रिठौरा में एक, संजय नगर में एक, सनसिटी में एक, जनकपुरी में एक, जगतपुर में एक, सैनिक कालोनी गली नंबर आठ में एक, नबाबगंज में तीन, सिविल लाइंस में दो, डीडी पुरम एलआईसी बिल्डिंग में एक संक्रमित पाया गया है।

संक्रमण से तीन की मौत
यहां कोरोना से संक्रमित तीन और मरीजों की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। जुकाम और खांसी की दिक्कत के बाद छह अगस्त को उन्हें पॉजिटिव पाया गया था। उपचार के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती कराने के आधे घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई। साहूकारा निवासी 55 वर्षीय ऊषा अग्रवाल भी मृतकों में हैं। वह जिला अस्पताल उपचार के लिए गई थी। वहां पर ट्रू नॉट से जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शहर के किला में कटघर के पास स्थित दूल्हा मियां की मजार क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय अनिकेत सिंह की भी मौत हुई है। उनको 10 अगस्त को बुखार और गले में खराश की शिकायत हुई थी। एंटीजन से रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो शाम को कोविड एल-3 अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया, जहां रात्रि 1:55 मिनट पर उनकी मौत हो गई।

तीन सौ बेड अस्पताल में नहीं लिए गए सैंपल
सोमवार को एक स्वास्थ्यकर्मी के संक्रमित मिलने के बाद तीन सौ बेड अस्पताल में मंगलवार को सैंपलिंग प्रभावित रही। सुबह सैंपलिंग कराने पहुंचे लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, कुछ लोगों की जांच एंटीजन से कराने का सुझाव दिया। जिसके चलते संदिग्ध संक्रमित जिला अस्पताल पहुंचते रहे। नोडल अफसर ने बताया कि सैनिटाइजेशन के चलते सैंपलिंग बाधित रही। बुधवार से फिर सैंपलिंग शुरू हो जाएगी। दो टीम मरीजों की स्क्रीनिंग करेंगी।

कोरोना संक्रमित रोगी को लेकर अस्पताल में हंगामा
प्रेमनगर क्षेत्र में एक अस्पताल में कोरोना संक्रमित रोगी को लेकर हंगामा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद को शांत कराया। राजेन्द्र नगर में एक अस्पताल में एक रोगी भर्ती था। उसकी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर डॉक्टरों ने दूसरे अस्पताल में इलाज कराने को कहा। इसी बात को लेकर परिजन भड़क गए। काफी देर तक अस्पताल में हंगामा होता। लोगों ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कर दिया। हालांकि पुलिस ने किसी तरह के विवाद की बात से इनकार किया है।

संक्रमित मरीज के बारे में सही जानकारी न देने पर अस्पताल को नोटिस
कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के संबंध में जानकारी न देने पर स्टेडियम रोड स्थित एक निजी अस्पताल को सीएमओ ने नोटिस जारी किया है। सीएमओ कार्यालय से जारी नोटिस के मुताबिक, नौ अगस्त की दोपहर 12 बजे एक मरीज गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हुआ था। उसका एंटीजन टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रोगी की हालत स्थिर बताते हुए सर्विलांस टीम को अस्पताल प्रशासन ने एल-1 कोविड अस्पताल में रेफर कर भर्ती करने की सूचना दे दी। वहीं कुछ देर बाद ही शाम साढ़े सात बजे उसे कोविड एल-3 अस्पताल में रेफर करने की बात कही गई। संक्रमित को अस्पताल ले जाया जा रहा था तो बीच रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ डा. वीके शुक्ल ने निजी अस्पताल को नोटिस जारी कर समय और सही जानकारी न देने के बारे में पूछा है। उन्होंने बताया कि अगर सर्विलांस टीम को समय पर और सही जानकारी दे दी गई होती तो शायद मरीज को बचाया जा सकता है। इसी को लेकर अस्पताल प्रशासन से जवाब तलब किया है। वहीं निजी अस्पताल के प्रशासन के मुताबिक कोई तथ्य नहीं छिपाया गया है।

संबंधित समाचार