लखनऊ : खाटू श्याम के भव्य दरबार 21 और 22 फरवरी को मनेगा श्याम निशानोत्सव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। तीन दिवसीय श्याम निशानोत्सव की तैयारियां बड़ी तेजी से चल रही हैं। ऐशबाग स्थित तिलकनगर के महाराजा अग्रसेन पार्क में खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया जा रहा है। यह दरबार हूबहू खाटू श्याम जैसा ही होगा। यहां 21 और 22 फरवरी को सांवरे की महफ़िल सजेगी। इस महफ़िल में कोलकाता, पंजाब, कानपुर और वृन्दावन धाम से नामचीन भजन गायक लखनऊ आ रहे हैं।

इस आयोजन के सम्बन्ध में माहाराजा अग्रसेन पार्क में आयोजन समिति के अध्यक्ष श्रवण कुमार, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र अग्रवाल और मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल ने पत्रकारों को बताया कि श्याम ज्योत मंडल की ओर से श्याम निशानोत्सव का यह 40वां साल है। इस बार तीन दिवसीय आयोजन होगा।

पंजाब के नरेंद्र चंचल के नाम से पहचाने जाने वाले विशाल शैली, कोलकाता के विकास कपूर, कानपुर के कुमार मुकेश और वृन्दावन धाम की साध्वी पूर्णिमा श्याम भजनों की सरिता प्रवाहित करने के लिए इस आयोजन का आकर्षण होंगी। श्याम निशानोत्सव के लिए 75 फिट चौड़ा और 45 फिट ऊंचा खाटू श्याम का भव्य दरबार बनाया जा रहा है। यह दरबार पहले दिन सफ़ेद रंग का होगा जबकि दूसरे दिन यह विभिन्न रंगों से सुशोभित होगा। इस दरबार को पिछले 15 दिन से कोलकाता के असीम और उनके सहयोगी कारीगर तैयार कर रहे हैं।

21 और 22 फरवरी को होने वाले आयोजन में समिति के सभी पदाधिकारी एक जैसी पोशाक में नजर आएंगे। 23 फरवरी को श्याम सतरंगी ध्वजा एवं शोभायात्रा निकाली जायेगी। यह शोभायात्रा तिलकनगर से शुरू होकर गोमती तट स्थित खाटू श्याम मंदिर तक जायेगी। शोभायात्रा में कानपुर के शिव शनि ग्रुप के राधा-कृष्ण भक्तों के साथ रासलीला करते हुए दिखाई देंगे। पूरे उल्लास के साथ नाचते-गाते भक्त खाटू श्याम मंदिर तक जायेंगे और वहां बाबा श्याम के निशान को अर्पित करेंगे। 25 फरवरी को यह निशान बस द्वारा खाटू धाम भेजा जायेगा।

यह भी पढ़ें : उन्नाव में बर्थ-डे का जश्न मनाते समय गिरा डूडा कालोनी का छज्जा, एक की मौत दो जख्मी

संबंधित समाचार