बरेली: घायल कॉन्स्टेबल की इलाज के दौरान मौत, प्रेमिका से वीडियो कॉल के दौरान खुद को मारी थी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सर्विस पिस्टल से रविवार को अपनी कनपटी पर गोली मारने वाले सिपाही शुभम भारद्वाज ने सोमवार शाम पांच बजे दम तोड़ दिया। प्रेम प्रसंग की वजह से उसके खुद को गोली मारने की अफसरों की आशंका जांच में सच निकली। पता चला कि शुभम अपनी शादीशुदा प्रेमिका के पीछे पड़ा हुआ था। रविवार को उसने उसके साथ वीडियो कॉल पर बात करते हुए खुद को गोली मारी थी। शुभम तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसने न प्रेमिका की मजबूरी समझने की कोशिश की न परिवार का इकलौता चिराग होने का ख्याल किया। गुस्से में जान दे डाली।

मवाना (मेरठ) के गांव मटोरा का रहने वाला 25 वर्षीय शुभम भारद्वाज भोजीपुरा इलाके में डायल- 112 पर तैनात था। पुलिस के मुताबिक उसके चार साल से एक युवती से प्रेम संबंध थे। साल भर पहले युवती की किसी और से शादी हो गई थी। इसके बावजूद वह उसके संपर्क में था। रविवार को भोजीपुरा में ड्यूटी के दौरान शुभम ने उसे फोन किया था।

बातचीत शुरू होने के बाद पीआरवी में साथ मौजूद होमगार्ड नवल किशोर को उसने बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने वॉयस कॉल काटकर प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बातचीत शुरू कर दी। संभवत: इसी बीच उसका प्रेमिका से विवाद शुरू हुआ और कुछ ही मिनट बाद उसने गाड़ी में बैठे-बैठे सर्विस पिस्टल निकालकर अपनी कनपटी पर गोली मार ली। होमगार्ड नवल किशोर उसे लेकर पहले थाने और फिर अस्पताल पहुंचे, जहां सोमवार शाम पांच बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बेटे की मृत्यु की खबर मिलते ही बेहोश होकर गिर गए पिता
शुभम तीन बहनों के बाद सबसे छोटा बेटा था और परिवार का इकलौता चिराग था। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। अस्पताल के बाहर मौजूद शुभम के पिता राकेश भारद्वाज को जब उसकी मौत की खबर दी गई तो वह वहीं बेहोश होकर गिर गए। उन्हें जैसे-तैसे होश में लाया गया लेकिन वह बार-बार होश खोते रहे। हालत इतनी ज्यादा खराब हो गई कि काफी देर तक किसी से कुछ बात नहीं कर पाए। कुछ भी बोलने की कोशिश करते ही उनकी आंखों में आंसुओं की धार बहने लगती थी।

परिवार के विरोध की वजह से नहीं हो सकी प्रेमिका से शादी
बताया जा रहा है कि शुभम के जिस युवती के साथ प्रेम संबंध थे, उसके साथ उसकी शादी करने के लिए उसके परिजन तैयार नहीं थे। इस पर साल भर पहले युवती के परिवार ने उसकी शादी किसी और के साथ कर दी थी। इसके बावजूद शुभम उस युवती से बात करता रहता था। शुभम उस पर अपने पति को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव डाल रहा था। युवती इसके लिए तैयार नहीं थी, इसी वजह से उसका आए दिन उसके साथ विवाद होता रहता था।

शुभम ने वॉयस काल के बाद वीडियो कॉल पर भी बात की थी। बातचीत के दौरान ही उसने अपनी कनपटी पर गोली मारी थी। सोमवार की शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मोबाइल फोन की जांच अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। -अखिलेश कुमार चौरसिया, एसएसपी

ये भी पढ़ें- बरेली: सिपाही शुभम ने वीडियो कॉल पर अपनी शादीशुदा प्रेमिका को लाइव दिखाकर मारी थी गोली

 

संबंधित समाचार