बरेली: गार्ड तैनात और महिला अस्पताल में हो गई चोरी, एसी के पाइप और टोंटी चुरा ले गए चोर
बरेली, अमृत विचार। गेट पर गार्ड तैनात रहे और महिला जिला अस्पताल में चोर घुस आए। रविवार देर रात चोरों ने फार्मेसी विभाग के बाहर लगे एसी के कम्प्रेशर में लगे कॉपर के पाइप को काटकर चुरा लिया। इतना ही नहीं उन्होंने फार्मेसी विभाग में शीशे तोड़ने और प्रथम तल पर भी चोरी का प्रयास किया। यहां एसएनसीयू स्थित स्टाफ ड्यूटी रूम में लगी पानी की टोंटी चोरी कर ली। पीपीसी-ओटी के पास हौंसला भवन में लगे लोहे के पानी के पाइप चुरा लिए। सोमवार सुबह अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी हुई। सीएमएस कार्यालय में लगी सीसीटीवी फुटेज देखी गई, जिसमें चोर नजर आए मगर उनका चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने कोतवाली में तहरीर देने की बात कही है।
गार्ड सोते रहे और चोरी होती रही
अस्पताल में प्रवेश के दो मुख्य गेट हैं। एक सीएमएस कार्यालय वाली रोड पर खुलता है, लेकिन यह ओपीडी के बाद बंद हो जाता है। चोर इमरजेंसी गेट से घुसे होंगे, लेकिन वहां गार्ड तैनात रहता है। चोरों ने करीब 20 मिनट तक वारदात को अंजाम दिया, लेकिन सुरक्षा गार्डों को भनक तक नहीं लगी। ऐसे में बच्चा चोरी हो जाए तो कौन होगा जिम्मेदार एसएनसीयू तक चोर बिना किसी खौफ के पहुंच कर टोंटी चोरी कर ले गए। अगले ही गेट पर वार्ड है, जिसमें नवजात भर्ती थे, ऐसे में अगर कोई बच्चा चोरी हो जाता है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होता है। हालांकि इस बात पर प्रबंधन के अधिकारी मौन हैं।
अस्पताल में चोरी की जानकारी स्टाफ ने दी थी। हालांकि मैंने आज चार्ज छोड़ दिया है, लेकिन फिर भी कानूनी कार्रवाई के लिए स्टाफ को आदेशित किया था। मामले में तहरीर दी जाएगी।-डॉ. अलका शर्मा, तत्कालीन सीएमएस, जिला महिला अस्पताल
ये भी पढे़ं- बरेली: घायल कॉन्स्टेबल की इलाज के दौरान मौत, प्रेमिका से वीडियो कॉल के दौरान खुद को मारी थी गोली
