खटीमाः परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, परिवार में कोहराम
खटीमा, अमृत विचार। निजी गैस एजेंसी की पिकअप ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मार दी। छात्र की सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। छात्र विशाल राणा इंटर कॉलेज सैजना में 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा देकर घर कुआंखेड़ा बाइक से लौट रहा था। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को कुआंखेड़ा निवासी 18 वर्षीय विशाल राना पुत्र स्व. उमेश सिंह अपनी बाइक से इंटर कॉलेज सैजना में 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा देने गया था। परीक्षा देकर जब वह बाइक से घर वापस आ रहा था। इसी बीच सैजना भुड़िया चौराहे पर सामने से आ रहे एक निजी गैस एजेंसी के पिकअप वाहन ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मार दी।
हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन से ही घायल छात्र को नागरिक चिकित्सालय लाया गया। जहां डॉ. मनी पुनियानी ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। छात्र घर का इकलौता पुत्र था। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंचे एसआई होशियार सिंह ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इकलौते पुत्र की मौत पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।
