Kanpur Dehat : Akhilesh Yadav ने भाजपा पर किया कटाक्ष, कहा- जनता पूछ रही, अधिकारियों के ऊपर कब चलेगा बुलडोजर
कानपुर देहात के कलेक्ट्रेट में पीड़ित के कपड़े उतरवाने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया ट्वीट।
कानपुर देहात के कलेक्ट्रेट में पीड़ित के कपड़े उतरवाने के मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि जनता पूछ रही है कि अधिकारियों के ऊपर बुलडोजर कब चलेगा।
कानपुर देहात, अमृत विचार। मड़ौली कांड में पीड़ित परिवार के शिवम दीक्षित के कलेक्ट्रेट में अफसरों के कपड़े उतरवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया है। उन्होंने कमेंट किया है कि जनता पूछ रही है, अधिकारियों के ऊपर बुलडोजर कब चलेगा।
मैथा तहसील क्षेत्र के मड़ौली में ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप में बीती 14 जनवरी को एसडीएम के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने मृतका प्रमिला दीक्षित का घर गिरवा दिया था। ठंड के मौसम में रहने की जगह न होने पर परिवार के लोग लोडर में रसोई गैस सिलेंडर, गृहस्थी का सामान व मवेशियों को लेकर कलक्ट्रेट में रहने के लिए आए थे।
जानकारी पर एडीएम प्रशासन केशवनाथ गुप्त, तत्कालीन निलंबित एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद समेत प्रशासन व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। उस दौरान पीड़ित शिवम दीक्षित के कलक्ट्रेट में अधिकारियों के सामने कपड़े उतरवाए गए थे। जिसका सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसपर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया है।
उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि कानपुर देहात अग्निकांड के पीड़ित को अर्द्धनग्न करके प्रताड़ित करने का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा सरकार अब अपनी सफाई में क्या कहेगी। जनता पूछ रही है, अधिकारियों के ऊपर बुलडोजर कब चलेगा। उन्होंने लिखा है कि भाजपा उत्पीड़न का पर्यायवाची बन गई है।
