रुद्रपुर: रुद्रपुर-काठगोदाम फोरलेन टेंडर पास, दो करोड़ रुपये की लागत से साढ़े 13 किमी. में पड़े गड्ढों और पैचवर्क का होगा काम
रुद्रपुर, अमृत विचार। आखिरकार दस माह बाद रुद्रपुर से काठगोदाम तक फोरलेन मेंटेनेंस निर्माण कार्य के लिए टेंडर हो गए हैं। मेंटेनेंस कार्य के लिए दो फर्मों ने टेंडर डाल रखे हैं। बुधवार या गुरुवार को एक कंपनी को यह कार्य सौंप दिया जाएगा।
इसके बाद कंपनी इस सप्ताह के अंत तक फोरलेन मेंटेनेंस का कार्य शुरू कर देगी। इसमें पूरे मार्ग पर हो चुके गड्ढों व पेंचवर्क को ठीक किया जाएगा। यह कार्य मार्च के अंत तक पूर्ण हो जाएगा। इसमें दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके बाद रुद्रपुर से नैनीताल जाने वालों का सफर थोड़ा आसान हो जाएगा।
दरअसल, अक्तूबर 2017 में रुद्रपुर से काठगोदाम तक 6 करोड़ 50 लाख की लागत से 49 किमी. तक फोरलेन का निर्माण कार्य भी शुरू किया था। 35 किमी. तक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन साढ़े 13 किमी. का काम शेष बचा हुआ है। बीच में कभी कोरोना संक्रमण तो कभी कंस्ट्रक्शन कंपनी का बजट खत्म होने के कारण निर्माण कार्य बीच में रुक गया था।
कई बार कंस्ट्रक्शन कंपनी के दबाव के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ तो भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) मुख्यालय ने गुजरात की कंस्ट्रक्शन सद्भाव से अनुबंध खत्म कर दिया और फिर नई कंस्ट्रक्शन कंपनी की तलाश शुरू कर दी थी। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार मेंटेनेंस के लिए टेंडर निकल चुके हैं। एक-दो दिन में कंपनी का नाम फाइनल होते ही मेंटिनेंस का कार्य शुरू हो जाएगा जो मार्च के अंत तक कार्य पूर्ण होगा।
जनवरी 2024 के अंतिम सप्ताह तक होगा पूरा होगा काम
रुद्रुपर। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार मार्च के प्रथम सप्ताह तक रुद्रपुर से काठगोदाम तक शेष बचे साढ़े 13 किमी. फोरलेन निर्माण का टेंडर भी निकल जाएगा। अप्रैल के अंतिम सप्ताह से कार्य शुरू हो जाएगा और जनवरी 2024 के अंतिम सप्ताह तक यह निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद उत्तर प्रदेश से आने वाले पर्यटकों को नैनीताल समेत कुमाऊं के अन्य पर्यटक स्थलों को जाने में आसानी होगी। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार इस फोरलेन के निर्माण कार्य में 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मार्च तक पूर्ण होगा रामपुर-रुद्रपुर फोरलेन का निर्माण कार्य
रुद्रपुर। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार रामपुर से रुद्रपुर तक करीब 43 किमी. फोरलेन का निर्माण कार्य होना था। 37 किमी. तक काम पूर्ण हो चुका है, जबकि छह किमी. का काम शेष बचा हुआ है। इसके अलावा रुद्रपुर के बॉर्डर के पास और रामपुर बाईपास में आरओबी का निर्माण होना है। इसके लिए टेंडर के बाद वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुका है। करीब 199 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कार्य शुरू होना है। यह निर्माण कार्य भी मार्च 2024 तक पूर्ण हो जाएगा। गुरुग्राम की कंस्ट्रक्शन कंपनी केसीसी इस कार्य को पूर्ण करेगी।
रुद्रपुर से काठगोदाम तक मेंटेनेंस कार्य के टेंडर निकल चुके हैं। इसमें दो कंस्ट्रक्शन कंपनी आईं हैं। एक-दो दिन में एक कंपनी का नाम फाइनल होने के बाद इस सप्ताह के अंत तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जबकि फोरलेन के निर्माण के लिए मार्च के पहले सप्ताह में टेंडर निकलेंगे और अप्रैल के अंत से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जनवरी 2024 के अंत तक फोरलेन का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके अलावा रामपुर से रुद्रपुर तक शेष 6 किमी. फोरलेन और आरोबी का निर्माण कार्य मार्च 2024 के अंत तक पूर्ण होगा।
