अयोध्या: ट्रैक दोहरीकरण का कार्य पूरा, लेकिन गेट की नहीं बनी सड़क, लोग झेल रहे जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोसाईगंज, अयोध्या। गोसाईगंज कोतवाली इलाके में रेलवे क्रासिंग टंडौली में ट्रैक दोहरीकरण का कार्य तो माह भर से अधिक समय पहले ही पूरा हो गया, लेकिन अभी तक विभाग गेट के अंदर की सड़क नहीं बना सका है। नतीजतन प्रतिदिन दो पहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हो रहे है और तिपहिया वाहन ट्रैक में फंस रहे हैं, जिससे उन्हें जुमार्ना भी अदा करना पड़ रहा है।

लखनऊ से अयोध्या वाया आजमगढ़ होते हुए वाराणसी जाने वाले इस भारी भरकम ट्रैफिक वाले मार्ग पर रेलवे क्रासिंग पर सड़क को रेलवे लाइन तिरछा क्रॉस करती है। रेल दोहरीकरण के चलते सड़क खोदी गई और दोहरीकरण का कार्य भी एक माह पूर्व ही पूर्ण हो चुका है। खुदाई के बाद पिच न करने से दोनों पटरियां सड़क से ऊपर हो गयी हैं, जिसमें बाइक सवार फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। यातायात बाधित हो रहा है। क्रॉसिंग बंद होने के समय तिपहिया वाहन फंसने पर कभी-कभी कुछ देर के लिए रेल यातायात भी बाधित हो रहा है। 

लोगों का कहना है कि गेटमैन ट्रैक में फंसे वाहनों की फोटो खींच कर अधिकारियों के पास भेज देते हैं, जिससे छोटे वाहन चालक जुर्माना देने के लिए मजबूर होते हैं। दुकानदारों का कहना है कि विभाग की इस लापरवाही की सजा आम नागरिक भुगत रहा है। इस संबंध में आईओडब्ल्यू के सीनियर सेक्सन इंजीनियर (कार्य) हरिश्चंद्र यादव ने बताया कि जल्द ही ट्रैक के पास पिच कार्य करा दिया जायेगा।

यह भी पढ़ें:-UP Budget 2023: मायावती और अखिलेश ने दी प्रतिक्रिया, कहा- मात्र चुनावी प्रलोभन और दिशाहीन है ये बजट

 

संबंधित समाचार