Etawah News : विवाह मंडप से सीधे परीक्षा केंद्र पहुंची दुल्हन, पहले दी परीक्षा उसके बाद हुई विदाई
इटावा में विवाह मंडप से परीक्षा केंद्र पहुंची दुल्हन।
इटावा में विवाह मंडप से परीक्षा केंद्र पहुंची दुल्हन। पहले परीक्षा दी उसके बाद युवती की विदाई हुई।
इटावा, अमृत विचार। इन दिनों सहालग का मौसम है और बोर्ड की परीक्षाएं भी चल रही है। ऐसे में एक छात्रा ने विवाह मंडप से सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचकर अन्य छात्राओं को पढ़ाई के प्रति लगन का संदेश दिया है। प्रश्नपत्र देकर छात्रा जूली ने अन्य छात्राओं के सामने एक मिसाल पेश की है।
यह वाकया बुधवार का है। इंटर की छात्रा जूली का21 फरवरी को विवाह था और 22 फरवरी को सुबह की पाली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर उसका चित्र कला का प्रश्नपत्र था। 21 फरवरी की रात में विवाह की तमाम रस्में पूरी करने के बाद 22 फरवरी को सुबह परीक्षा के समय यह छात्रा जूली दुल्हन के लिबास में ही परीक्षा केंद्र पहुंच गई।
रात को छात्रा के विवाह के फेरे लिए थे और सुबह वह प्रश्न पत्र देने के लिए पहुंच गई। सुबह की पाली में इंटर चित्रकला आलेखन का प्रश्न पत्र था। छात्रा ने पूरे समय अपना प्रश्न पत्र दिया और निर्धारित समय पर परीक्षा समाप्त होने के बाद अपने घर गई जहां विवाह के बाद विदाई की रस्म हुई और शादी के बाद छात्रा की विदाई हुई।
छात्रा जूृली के इस कदम की सराहना की जा रही है। जूली ने अन्य छात्राओं के सामने एक मिसाल पेश की है कि पढ़ाई कितनी महत्वपूर्ण है। वह अपने विवाह के बीच से समय निकालकर परीक्षा देने के लिए पहुंच गई।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अंजूश्री ने बताया कि विद्यालय की कई बालिकाओं को फोन कर कर के परीक्षा देने के लिए बुलाया गया है। इसके विपरीत छात्रा जूली अपने विवाह के बीच से ही निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंची और परीक्षा देकर अन्य छात्राओं के लिए मिसाल कायम की है।
